तहसील क्षेत्र के गांव मई में ग्राम सभा की भूमि की पैमाइश करने पहुंची
राजस्व और पुलिस की टीम पर दबंगों ने पथराव कर दिया। इसमें दो सिपाही चोटिल
हो गए। पुलिस जीप का शीशा भी टूट गया। मामले में चार लोगों को नामजद करते
हुए 12 लोगों के खिलाफ अलग-अलग तीन मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने दो
महिलाओं को हिरासत में भी ले लिया है।
मई गांव में ग्राम सभा की जमीन
पर करीब एक महीने पहले गांव के ही मुन्नालाल, नत्थू आदि कब्जा करके निर्माण
करा रहे थे। इसकी शिकायत गांव के किशोरी ने एसडीएम गुलाब चंद्र से की तो
एसडीएम ने अवैध निर्माण तुड़वा दिया था। यह लोग फिर से निर्माण करने लगे
थे।
गुरुवार को एसडीएम के आदेश पर कानूनगो अशोक शर्मा, लेखपाल हेम
सिंह, दरोगा जितेंद्र यादव समेत सिपाही ओमवीर, रविंद्र, आनंद, महेश के साथ
जमीन की पैमाइश करने पहुंचे थे। आरोप है कि तभी मुन्ना लाल, नत्थू, पप्पू,
सुनील आदि ने पथराव कर दिया। इसमें दो सिपाही चोटिल हो गए और पुलिस की जीप
का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
टीम को वहां से भागना पड़ा। बाद में
वजीरगंज, फैजगंज बेहटा पुलिस के साथ पीएसी को भी बुला लिया गया। इस मामले
में लेखपाल हेमसिंह, दरोगा जितेंद्र यादव और गांव के रमेश चंद्र की तहरीर
पर मुन्ना लाल, नत्थू, पप्पू, सुनील को नामजद करते हुए 12 लोगों के खिलाफ
तीन मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने अनारकली और बन्नो नाम की दो महिलाओं
को हिरासत में लिया है।
यह था मामला
बिसौली। मई निवासी किशोरी
ने अपनी जमीन का एक टुकड़ा गांव के मुन्ना लाल को बेचा था। इसी जमीन के पास
ग्राम सभा की कुछ जमीन पड़ी है। किशोरी लाल की जमीन खरीदने के बाद मुन्ना
लाल ने ग्रामसभा की जमीन पर भी कब्जा कर लिया। करीब एक महीने पहले मुन्ना
लाल पक्ष के लोगों ने यहां नींव खोदवा कर निर्माण शुरू करा दिया। उस समय
किशोरी की शिकायत पर एसडीएम ने निर्माण तुड़वा दिया था।