दिन भर दो थानों के बीच सीमा विवाद में उलझा रहा मामला
एसएसपी के आदेश पर कुंवरगांव पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
दावत खाकर घर लौट रहे युवक का आधा दर्जन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। दिन भर मामला दो थानों के बीच सीमा विवाद में उलझा रहा। रात को कुंवरगांव थाना पुलिस ने युवक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। मामले में पड़ताल चल रही है। वर्कआउट को सर्विलांस और एसओजी टीम को भी लगाया गया है।
बिल्सी थाने के गांव वैन निवासी चंद्र प्रकाश (25) पुत्र बृजराम बुधवार को अपने घर पर यह कहकर निकला था कि वह भमोरा में अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने जा रहा है। चंद्र प्रकाश अपने भाई की बाइक लेकर गया था। गुरुवार सुबह करीब चार बजे उसने अपने भाई मनोज को फोन किया। फोन पर कहा कि भमोरा से लौटते वक्त गांव सोई के पास आधा दर्जन बदमाशों ने उसकी बाइक लूट ली और उसे अगवा कर लिया है। उसको दो अन्य लोगों के साथ एक कोठरी में रखा गया है। चंद्रपाल की यह बात सुनकर परिवार वालों में खलबली मच गई। वह तड़के ही कुंवरगांव थाने पहुंच गए। यहां उनको बताया गया कि सोई गांव वजीरगंज थाने में है। जब वह वजीरगंज पहुंचे तो उनसे घटना स्थल कुंवरगांव थाने में होने की बात कहकर टरका दिया गया। शाम को परिवार के लोग एसएसपी चंद्र प्रकाश से मिले। एसएसपी ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद कुंवरगांव थाना पुलिस ने मामले में अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वर्क आउट में एसएसपी ने सर्विलांस और स्वाट टीम को लगाया है। इन टीमों को कुछ क्लू भी मिले हैं।
--------
लगातार बदल रही मोबाइल लोकेशन
बदायूं। अगवा किए गए चंद्र प्रकाश ने अपने भाई को फोन करके बताया था कि उसको अगवा करने के बाद एक कोठरी में रखा गया है। इसके बाद हरकत में आई सर्विलांस टीम ने उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो पता लगा कि मोबाइल लोकेशन बार-बार बदल रही है। ऐसे में अधिकारी भी मामले को संदिग्ध मान रही है। फिलहाल पड़ताल की जा रही है। चंद्र प्रकाश के बरामद होने के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।
वर्जन-
तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह बात सही है कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला संदिग्ध मालूम दे रहा है। सर्विलांस और एसओजी टीमें भी लगी हुई हैं। जल्द वर्क आउट कर दिया जाएगा।
-कमल किशोर, एसपी सिटी