क्षेत्र में लगातार अवैध खनन की शिकायतों पर थाना पुलिस ने अमरौली गांव में छापा मारकर अवैध खनन करती जेसीबी को पकड़ लिया। पुलिस टीम को देखकर जेसीबी चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। सूचना पर तहसीलदार संजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि बाद में जेसीबी को छोड़ दिया गया। इसको लेकर कई तरह की चर्चा है।
गुरुवार को थाना पुलिस को जेसीबी लगाकर अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस की गाड़ी देखकर खनन कर रहे मजदूर और चालक जेसीबी छोड़कर भाग गए। इस पर जेसीबी को गांव के पास ही दो सिपाहियों के सहारे छोड़ दिया गया। कुछ ही देर बाद जेसीबी मालिक आ गया और उसके बाद जेसीबी को छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि एक फोन आने के बाद किसी के कहने से जेसीबी को छोड़ा गया। हालांकि एसडीएम बिसौली रामदत्त राम का कहना है कि जेसीबी को छोड़े जाने की बात गलत है। जेसीबी को सुपुर्दगी में दिया गया है। वहीं, तहसीलदार संजय सिंह का कहना है कि वह पुलिस की सूचना पर अमरोली गांव गए थे, जब तक पहुंचे खनन करने वाले भाग गए। जेसीबी को पुलिस हवाले कर दिया गया है। वहीं, जेसीबी को छोड़े जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।