आठ अप्रैल को गंभीर रूप से झुलसी मिली थी विवाहिता
पिछले दिनों घर में गंभीर रूप से झुलसी मिली विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास और ननद को नामजद कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भी कराया है। मोहल्ला गौतमपुरी की नई बस्ती निवासी रवेंद्र की 22 वर्षीय पत्नी संगीता आठ अप्रैल शाम को अपने ही घर में गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिली थी। पति ने उसके झुलसने की वजह खाना बनाते वक्त आग लगना बताया था लेकिन इलाज के दौरान संगीता ने अपने मायके वालों के सामने जो बातें कहीं, उससे मामला दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का सामने आया। आरोप है कि संगीता को उसका पति और ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे। पिछले महीने संगीता से मायके जाकर एक लाख रुपया लाकर देने को कहा गया था।
गंभीर रूप से झुलसी संगीता का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज भी चला। इलाज के दौरान उसकी रविवार को मौत हो गई। मृतका के घरवालों की मानें तो संगीता को उसके पति, सास और ननद ने जला दिया था। पुलिस ने मृतका के पिता बरेली के भमौरा थाना क्षेत्र में गांव सिंगहा निवासी रामगोपाल की तहरीर पर रवेंद्र, उसकी मां नन्ही देवी और बहन पूजा को नामजद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में परिवार वालों को सौंप दिया।
दहेज हत्या का आरोपी ससुर गिरफ्तार
सहसवान। दहेज हत्या के आरोपी ससुर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
22 जनवरी 2017 को नगर के मुहल्ला पटटी यकीन मुहम्मद में ऊषा पत्नी अनूप की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के भाई बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी दिनेश कुमार पुत्र द्वारका प्रसाद ने मृतका के पति अनूप समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि मृतका के ससुराल वाले दहेज में 50 हजार रुपये और भैंस की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे। इसके चलते फांसी लगाकर ऊषा की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस मृतका के पति अनूप और सास को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सोमवार को एसएसआई अमर सिंह ने आरोपी मृतका के ससुर लालाराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।