10 जून को जेब काटकर साफ कर दिए थे पांच लाख के जेवर
तीन दिन के बाद पुलिस ने माल बरामद कर आरोपी दबोचे थे
सराफा व्यापारी की जेब काटकर पांच लाख रुपये के जेवर साफ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। दो जेबकतरों ने 10 जून को सराफ सीताराम रस्तोगी की जेब काटकर पांच लाख रुपये के जेवर साफ कर दिए थे। 13 जून को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शत प्रतिशत माल की बरामदगी कर ली थी। अब दोनों आरोपियों पर गैंगस्टर लगाया गया है।
शहर के मोहल्ला साहूकारा निवासी सराफा व्यापारी सीताराम रस्तोगी 10 जून को बदायूं से उझानी जा रहे थे। उनकी जेब में करीब पांच लाख रुपये के सोने के जेवर और नकदी थी। सीताराम रस्तोगी लालपुल के पास टेंपो पर सवार हुए। कुछ आगे चलकर दो युवक भी टेंपो में बैठ गए। सिविल लाइंस क्षेत्र के नौशेरा के पास दोनों युवकों ने मौका पाकर सीताराम रस्तोगी की जेब काट कर नकदी और जेवर साफ कर दिए। इसके बाद दोनों टेंपो से उतर कर भाग गए। दोनों के भागने के बाद व्यापारी को पता लगा कि उसकी जेब से जेवर गायब हैं। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जेबकतरों की सुरागरसी शुरू की। 13 जून को सिविल लाइंस पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ककराला रोड से दीपू पुत्र बाबू निवासी महरूरपुर रावी थाना कमालगंज फर्रुखाबाद और राम निवास पुत्र अमर सिंह निवासी सराय साधू थाना जलालाबाद जिला शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से पुलिस ने सराफ की जेब काटकर साफ किए गए पांच लाख रुपये के जेवर और नकदी बरामद कर ली। इनको जेल भेज दिया गया। अब दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है।
----
वर्जन-
सराफा व्यापारी की जेब काटकर पांच लाख रुपये के जेवर साफ करने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। फिलहाल दोनों आरोपी जेल में हैं।
-राजीव कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस