थाना बिसौली की दबतोरी पुलिस चौकी पर नए स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। हालांकि अभी चौकी इंचार्ज का पद खाली है। इधर, पुलिस चौकी से गायब हुई सरकारी रायफल मुसिया नगला गांव के प्राइमरी स्कूल के पास से मिल गई है। पुलिस चौकी से रायफल चोरी करने वाले शातिर चिरौंजीलाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह ने बिसौली पहुंच कर आरोपी से पूछताछ की।
दबतोरी चौकी के लिए थ्री नॉट थ्री की छह रायफल आवंटित थीं। गुरुवार को चौकी के कमरे से एक रायफल गायब हो गई। इस बारे में पता लगने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी सौमित्र यादव, एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह ने चौकी पहुंच कर यहां तैनात स्टाफ से पूछताछ की। एसएसपी के आदेश पर चौकी स्टाफ के खिलाफ गुरुवार रात मुकदमा कायम कर लिया गया। रात भर पुलिस रायफल की तलाश में जुटी रही। शक के आधार पर रात में ही बरेली के थाना सिरौली के गांव बरा निवासी चिंरौजीलाल पुत्र नंदराम को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर मुसिया नगला स्थित प्राइमरी स्कूल के पास से शुक्रवार तड़के पांच बजे रायफल बरामद हो गई।
ये हुए सस्पेंड
बदायूं। रायफल गायब होने को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने शुक्रवार को चौकी इंचार्ज नवी अहमद, कांस्टेबल लोकेश कुमार, भोजराज शर्मा, सत्यवीर सिंह और शाहिद हुसैन को सस्पेंड कर दिया। दबतोरी चौकी पर कांस्टेबल हरगोविंद सिंह, शैलेंद्र सिंह, मोहम्मद इब्राहीम और राहुल कुमार को दबतोरी चौक पर तैनाती दे दी। हालांकि अभी चौकी इंचार्ज की तैनाती नहीं की गई है।
कई बार जेल जा चुका है चिरौंजीलाल
बदायूं। रायफल चोरी का आरोपी चिरौंजीलाल चोरी समेत, जहरखुरानी, नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में कई बार जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात वह नशे में वह रायफल ले गया था। मुसिया नगला गांव में उसकी बहन ब्याही है। रायफल लेकर वह वहां पहुंचा था। पुलिस ने चिरौंजीलाल को जेल भेज दिया है।
.इस तरह गायब और बरामद हुई रायफल
बदायूं। गुरुवार दोपहर पुलिस चौकी का होमगार्ड रामनिवास शर्मा सो रहा था। इसी दौरान चिरौंजीलाल नशे की हालत में पुलिस चौकी में घुस गया। उसने होमगार्ड की जेब से चाबी निकाली। कमरा खोला और यहां से रायफल के साथ होमगार्ड की बेल्ट भी ले गया। दबतोरी से रात में ही वह मुंसिया नगला स्थित अपनी बहन की ससुराल पहुंचा। यहां उसका झगड़ा हो गया। इसके बाद चिरौंजीलाल प्राइमरी स्कूल के पास रायफल रखकर भाग गया। एसएसपी सौमित्र यादव ने रायफल बरामद करने के सख्त निर्देश दिए थे। सीओ बिसौली राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बरामदगी में जुट गई थी। पूछताछ में पता लगा कि चिरौंजीलाल उस वक्त चौकी में घुसा था, जब वहां कोई सिपाही नहीं था। पुलिस चिरौंजीलाल की तलाश में जुट गई। रात में ही उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने सच्चाई बता दी।
रायफल बरामदगी के बाद की निलंबन की कार्रवाई
बदायूं। दबतोरी चौकी से गायब रायफल चिरौंजीलाल की निशानदेही शुक्रवार तड़के बरामद कर ली गई। इसके बाद एसएसपी सौमित्र यादव ने चौकी स्टाफ की गंभीर लापरवाही पर शुक्रवार को चौकी स्टाफ को सस्पेंड कर दिया। गुरुवार रात बारह बजे तक एसएसपी का कहना यही था कि अभी रायफल की तलाश की जा रही है। लापरवाह कर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।