एडीएम, एसपी सिटी, एआरटीओ ने की वाहन चेकिंग
अभियान के दौरान कई वाहन सीज, कई के चालान काटे
पुलिस-प्रशासन और परिवहन विभाग ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को एडीएम प्रशासन एके श्रीवास्तव, एसपी सिटी अनिल यादव और एआरटीओ अमिताभ राय ने खेड़ा नवादा चौकी पर डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। एक दौरान आधा दर्जन वाहन सीज कर दिए गए। दो दर्जन से ज्यादा वाहनों का चालान भी किया गया।
जिले में कई रूटों पर बड़े स्तर पर डग्गामारी होती है। खेड़ा नवादा चौकी पर बिसौली, चंदौसी, वजीरगंज, कुंवरगांव, बिनावर, विजय नगला रूट मिलते हैं। इन रूटों पर भी सैकड़ों डग्गामार वाहन दौड़ते हैं। चेकिंग अभियान के दौरान शनिवार को डग्गामार वाहनों के संचालकों में हड़कंप मचा रहा। एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि रविवार को भी डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
एसएसपी ने किया वजीरगंज थाने का मुआयना
वजीरगंज। एसएसपी महेंद्र यादव ने शनिवार को वजीरगंज थाने का मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसओ नरेंद्र सिंह ने लंबित विवेचनाओं और वांछित अपराधियों के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि कोई विवेचना बेवजह लंबित नहीं रहनी चाहिए। वजीरगंज थाने पहुंचने के बाद एसएसपी ने थाने का मालखाना देखा। रिकार्ड रूम देखकर रिकार्ड का रख-रखाब सही ढंग से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शस्त्रागार देखा और थाना पुलिस को शस्त्रों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। एसएसपी ने एसओ को थाने में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने रसोई का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मियों की समस्याओं के बारे में भी उनसे पूछा।