वजीरगंज के पेंपल में हादसा, विरोध में जाम लगाया, ट्रैक्टर को चालक समेत पकड़ा
थाना क्षेत्र के गांव पेंपल में शुक्रवार दोपहर एक ग्रामीण की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल कर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ बिसौली केके सरोज ने समझा-बुझा कर जाम खुलवाया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को मय चालक पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वजीरगंज थाने की बगरैन चौकी के गांव पेंपल निवासी गोवर्धन (55) पुत्र केवल मौर्य शुक्रवार दोपहर गांव में एक खोखे के पास खड़ा था। इसी दौरान उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। गोवर्धन की मौके पर मौत हो गई। गांव अफगना निवासी ट्रैक्टर चालक मुकेश को ग्रामीणों ने मय ट्रैक्टर के पकड़ लिया। हादसे से गुस्साए गांव के लोगों ने करीब एक घंटे तक रोड पर जाम भी लगाए रखा। बाद में पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।