बदायूं। भाजपा के एक नेता के कमरे में कोटे का राशन भरा था। कोटे का राशन कालाबाजारी करने की सूचना पर पूर्ति निरीक्षक ने छापा मारकर 77 बोरा गेहूं और चावल बरामद कर लिया। आरोपी कोटेदार स्टाक और वितरण रजिस्टर लेकर मौके से भाग गया। पूर्ति निरीक्षक ने कमरा सील कर दिया। बरामद राशन कालाबाजारी को जा रहा था या नहीं इसकी छानबीन की जा रही है।
बिनावर थाना क्षेत्र के मालिकपुर निवासी अधिवक्ता अरविंद सिंह ने पूर्ति विभाग के एक अधिकारी को फोन करके गांव में एक भाजपा नेता के घर में कोटे का राशन भरा होने की सूचना दी। बताया कि खाद्यान्न कालाबाजारी करने के लिए रखा गया है। इस पर शनिवार शाम करीब पांच बजे पूर्ति निरीक्षक जयवीर सिंह और राजेश सिंह ने भाजपा नेता के घर छापा मारा। भाजपा नेता के विरोध करने पर पूर्ति निरीक्षक से काफी देर तक नोकझोंक होती रही। इस बीच बिनावर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में पूर्ति निरीक्षक ने भाजपा नेता के मकान का कमरा खोला। उसमें कोटे का 77 बोरा गेहूं और चावल बरामद कर लिया। इसी बीच मौका पाकर कोटेदार दीनदयाल स्टाक और वितरण रजिस्टर लेकर फरार हो गया। वहीं पूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम प्रधान जयराम के सामने भाजपा नेता के घर का कमरा सील कर दिया। छापा मारने के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
-----
कालाबाजारी को जा रहा राशन पकड़ा, कोटेदार फरार
गुलड़िया। शनिवार देर शाम गुलड़िया कस्बे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में कोटे का गेहूं ले जाया जा रहा था। लोगों को शक हुआ तो उन्होंने ट्रैक्टर का पीछा किया। लोगों को आते देेख आरोपी 30 बोरा गेहूं ट्रॉली से फेंककर भाग गए। फेंका गया गेहूं कोटे का बताया जाता है। ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम के सौ नंबर पर सूचना दी तो यूपी 100 गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
------- -
शिकायत मिली थी। इसको लेकर सप्लाई इंस्पेक्टर को भेजा है। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। हालांकि बताया कि खाद्यान्न मानक के अनुसार एक रेशो में मिला है। फिर भी जांच कराई जा रही। कोई भी गड़बड़ी मिलती है, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-पारस नाथ मौर्य, एसडीएम, सदर
---------
यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है। किसी पदाधिकारी के यहां कोटे का राशन पकड़ा जाना एकदम गलत है। अगर ऐसी कोई मामला है तो छानबीन की जाएगी। - हरीश शाक्य, जिलाध्यक्ष भाजपा