बदायूं। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाले जाने से धोबी समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पर रितुराज सिंह नाम की आईडी से धोबी समाज के लोगों को अपशब्द लिखे गए हैं। कई ऐसी बातें लिखी गई हैं जो आपत्तिजनक हैं। इसकी जानकारी होने पर रविवार को संत गाडगे समाजोत्थान समिति के जिलाध्यक्ष रामकृष्ण वर्मा, महामंत्री नीरज कुुमार चौधरी, सुखलाल भारती, पूरनलाल, नेमचंद्र वर्मा, सत्यपाल वर्मा और सोनपाल सिंह आदि कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया है कि कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली हैं। इससे धोबी समाज को काफी आहत पहुंचा है। फेसबुक पर डाली गई पोस्ट पर भी अन्य लोग अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो ठीक नहीं है। उन्होंने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के संबंध में तहरीर आई है, जिस पर साइबर सेल की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच होते ही संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- ओमकार सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली