बदायूं। शहर के एक मोहल्ले का युवक काफी समय से एक किशोरी को ब्लैकमेल कर रहा था। उसने चुपके से अश्लील तस्वीरें खींच लीं थीं, जिससे कई बार वह किशोरी से गहने, रुपये ठग चुका था। लगातार उसे तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रहा था। जानकारी मिलने पर किशोरी के परिवार वालों ने रविवार सुबह उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
करीब 16 वर्षीय किशोरी सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला की रहने वाली है। उसके परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले मोहल्ले के एक युवक ने किशोरी को बहला फुसला लिया। आरोपी ने चुपके से उसकी अश्लील तस्वीरें ले लीं। किशोरी को युवक के गलत इरादों का पता चला तो वह दंग रह गई। उसने युवक से दूरी तो बना ली लेकिन युवक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। युवक ने किशोरी को तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने उससे गहने लाने को कहा। एक बार किशोरी ने अपने सारे गहने ले जाकर युवक को दे भी दिए। दूसरी बार उसने रुपये मांगे तो वह भी दे दिए। आरोप है कि युवक ने इसके बावजूद ब्लैकमेल करना बंद नहीं किया। युवक का बढ़ता लालच देखकर किशोरी ने डरते-डरते अपने परिवार वालों को पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर परिवार वाले भी हैरान रह गए।
रविवार सुबह किशोरी के परिवार वाले नई सराय पुलिस चौकी के बराबर से गुजर रहे थे। उसी समय आरोपी युवक दिखाई दे गया। परिजनों ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। उसके बाद नई सराय चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। किशोरी के परिवार वालों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। देर शाम तक उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।