उझानी (बदायूं)। अवैध कब्जा कर घर और घेर बना लेने के तो कई मामले सुनने में आते हैं, लेकिन कोई आम रास्ते को ही अपना बताकर बीच में दीवार बना देगा, ऐसा पहला मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव सरौता में सामने आया है। परेशानी बताकर पड़ोस के ग्रामीण ने शिकायत की तो उसे ही धमका दिया गया।
मामला तीन दिन पहले कोतवाली क्षेत्र के गांव सरौता का है। गांव के तेजेंद्र ने बीच गांव में रास्ते पर दीवार निर्माण का विरोध किया तो उसे घर के बाहर ही घेर लिया गया। आरोप है कि असरदार के व्यक्ति ने 12 फुट चौड़े आम रास्ते का आधा हिस्सा खुद का बताते हुए उस पर निर्माण शुरू करवा दिया। मामला प्रधान देवेंद्र सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने खुद ही पैमाइश कराई। पूरी चौड़ाई रास्ते का हिस्सा बताई गई। तेजेंद्र की मानें तो आरोपी व्यक्ति ने आधे से अधिक हिस्से में दीवार खड़ी करके रास्ते पर कब्जा कर लिया है। तेजेंद्र ने इसकी शिकायत कछला चौकी पर भी की। बताया कि आरोपियों से उसे जानमाल का खतरा भी बना हुआ है। उसने डीएम को भी प्रार्थना पत्र भेजकर आम रास्ते को कब्जा मुक्त कराके दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।