बरेली। देवरनिया की गैस एजेंसी में लूट का खुलासा रविवार को हो गया। पुलिस को तीन असलहाधारी बदमाशों के कैश लूटकर भाग जाने की कहानी बताने वाले मुनीम ने असल में खुद ही लूट की साजिश रची थी। शुरू से इस घटना को शक की नजर से देख रही पुलिस उसका खुलासा कर आरोपी मुनीम को जेल भेज दिया है।
बहेड़ी की सरला देवी की सिंधौरा गांव में नितिन गैस एजेंसी है जिस पर ढाई साल से नवाबगंज के पंडरी निवासी अनिल कुमार मुनीम था। 25 अप्रैल की शाम अनिल ने पुलिस को सूचना दी कि तीन लोग एजेंसी में घुसकर उससे करीब 75 हजार रुपये लूट ले गए। उन्होंने फायर भी किया। उसने शोर मचाया तो अपना तमंचा, कारतूस और चप्पलें छोड़ गए। पुलिस को मौके पर छानबीन के दौरान पहली ही नजर में ही घटना फर्जी लगी, हालांकि अनिल की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। सरला देवी ने बताया कि लूटी गई रकम करीब 36 हजार रही होगी।
रविवार को पुलिस लाइन में एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने खुलासा किया कि अनिल ने ही कैश हड़पने को लूट की कहानी बनाई थी। कुल रकम 29,800 रुपये थी जो उसने उसी वक्त गोदाम की छत पर फेंक दी थी। पुलिस अगर उसी वक्त छत की तलाशी लेती तो घटना तभी खुल जाती। अनिल ने बताया कि वह रुद्रपुर में एक व्यक्ति से दो हजार रुपये में 315 बोर का तमंचा और दो सौ रुपये के दो कारतूस खरीदकर लाया था। उसे केवल छह हजार रुपये वेतन मिलता था जो नाकाफी था। वह नवाबगंज के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर का छात्र है।