नूरपुर पिनौनी (बदायूं)। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति बेटे की चाह में हैवान बन गया। शराब के नशे में घर आकर उसने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया और उसके चेहरे व शरीर पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। मायके वालों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
करीब 30 वर्षीय मीना इस्लामनगर क्षेत्र के ग्राम पतीसा निवासी है। दस साल पहले उसकी राकेश से शादी हुई थी। मीना के चार बेटियां थीं, जिनमें एक की मौत हो चुकी है। आरोप है कि राकेश आए दिन बेटा न होने का उलाहना देते हुए मीना के साथ मारपीट करता था। इससे तंग आकर मीना करीब पांच साल तक अपने मायके में रही। बीच में उनका समझौता भी हुआ, परंतु बात नहीं बनी। उसके बाद मीना अपने मायके जरीफ गर के ग्राम सुल्तानपुर आ गई। सबसे छोटी बेटी कल्लो के जन्म के बाद लोगों के समझाने पर वह फिर ससुराल चली गई। इसके बावजूद राकेश ने शराब पीकर मारपीट करना बंद नहीं किया। मां नन्ही देवी का आरोप है कि शनिवार रात करीब 11 बजे राकेश शराब पीकर घर लौटा। उस समय मीना अपनी चारपाई पर लेटी थी। राकेश ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला बोल दिया और उसके चेहरे, सिर व शरीर पर कई जगह कुल्हाड़ी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इससे महिला की जीभ भी कट गई। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए। उन्होंने जैसे-तैसे उसे बचाया और यूपी 100 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मीना को स्वास्थ्य केंद्र ले गई। राकेश मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे पिता बादाम सिंह मीना को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।