बिनावर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम ददमई में रविवार सुबह बैलगाड़ी से दबकर एक किसान की मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि बैलगाड़ी वाले ने उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
करीब 45 वर्षीय वैसे अली बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम ददमई निवासी था। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने खेत पर जा रहा था। उसी ओर गांव के कुछ लोग एक ग्रामीण की बैलगाड़ी ले जा रहे थे। अपने खेत की ओर बैलगाड़ी जाते देख वैसे भी उस पर सवार हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक उस बैलगाड़ी में एक जंगली सांड़ जुता हुआ था। गांव के पश्चिम की ओर पहुंचते ही सांड़ बिदक गया और वह बैलगाड़ी लेकर भाग खड़ा हुआ। कब्रिस्तान के पास जाकर सांड़ ने बैलगाड़ी पलट दी, जिसके नीचे दबकर वैसे अली और उम्मेद हसन घायल हो गए। बाकी लोग कूदकर दूर हो गए। हादसा होते ही आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। उन्होंने बैलगाड़ी को सीधा कर दोनों को निकाला, लेकिन तब तक वैसे की मौत हो गई। इसकी सूचना पर परिवार वाले भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। हालांकि बैलगाड़ी मालिक मौके पर नहीं था, अन्य लोग उसकी बैलगाड़ी मांगकर लाए थे। उन्होंने बैलगाड़ी मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। इस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।