फोटो-44,45,46-
भीड़ ने तहसील परिसर
में किया पथराव, बवाल
पत्थरबाजों को पुलिस ने दौड़ाया, दो गिरफ्तार
तहसील परिसर बना छावनी, नाकाबंदी कर रोकने पर पड़े ग्रामीण अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान (बदायूं)।
नगर के तहसील परिसर में मंगलवार शाम करीब पांच बजे जमकर बवाल हो गया। ग्रामीणों और लेखपालों में जमकर मारपीट हुई। गुस्साई भीड़ ने तहसील परिसर में पथराव और तोड़फोड़ कर दी। बवाल देख तहसीलदार को पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने डंडा फटकार कर पत्थरबाजों को दौड़ा दिया। इस दौरान दो लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। विवाद का कारण मामूली कहासुनी बताई जा रही है। फिलहाल इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
विवाद की शुरुआत मंगलवार अपराह्न करीब तीन बजे हुई थी। उस समय कोतवाली क्षेत्र के गांव फतनपुर टप्पा हवेली निवासी ग्राम प्रधान रेशम देवी के पति देवकरन और उनके बेटे राशन कार्डों की जानकारी लेने तहसील आए थे। तभी उनकी किसी बात को लेकर लेखपाल से नोकझोंक हो गई। मामला गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के कॉलर पकड़कर मारपीट कर दी। इससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस पर कई लोग जमा हो गए। उन्होंने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग-अलग कर दिया। इसके बाद प्रधान पति और उनके बेटे अपने गांव लौट गए। गांव जाकर उन्होंने लोगों को मारपीट के बारे में जानकारी दी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शाम करीब पांच बजे दर्जनों ग्रामीण प्रधान पति के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉॅली में सवार हो गए तहसील परिसर पहुंच गए। भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ देखकर राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए। वहीं तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसील का गेट बंद करा दिया। इससे ग्रामीण और भड़क गए। उन्होंने गेट के बाहर से ही तहसील परिसर में पथराव कर दिया। काफी देर तक बवाल चलता रहा। इस पर तहसीलदार ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी।
इधर, मौके पर पुलिस टीम ने हंगामा करने वालों पर डंडा फटकारते हुए खदेड़ दिया। पुलिस ने दो लोगों को दौड़ा कर पकड़ लिया। बाकी भीड़ स्वयं तितर बितर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इन ग्रामीणों के अलावा कई ग्रामीण सैफुल्लागंज रोड से आ रहे थे परंतु रास्ते में तैनात की गई पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया। ग्रामीणों को नगर की ओर बढ़ने ही नहीं दिया। इस बवाल के बाद देर शाम तक तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, तहसील स्टाफ और ग्रामीण कोतवाली में जमे रहे। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।