फोटो- 31, 32, 33, 34, 35, 36, 37
रोड होल्डअप छिपाने की कोशिश में थी वजीरगंज पुलिस!
पहुंचते ही लूटपाट के शिकार यात्रियों को मौके से किया रवाना, चालक को भी बस ले जाने की दी थी हिदायत
अमर उजाला ब्यूरो
वजीरगंज (बदायूं)। पुलिस वजीरगंज-आंवला रोड पर हुई रोड होल्डअप की वारदात को छिपाने की कोशिश में थी। मगर मीडिया और आसपास के लोगों को पता लगने पर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सकी। पुलिस की लापरवाही भी इस घटना में पूरी तरह से सामने आई। बदमाशों के घटना को अंजाम देकर चले जाने के दस मिनट बाद ही पुलिस के अचानक पहुंच जाने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चा हैं।
रोड पर लूटपाट की ज्यादातर वारदात रात में या फिर तड़के होतीं हैं। वजीरगंज-आंवला रोड पर लूटपाट की घटना शुक्रवार तड़के चार बजे हुई। जिले के हर इलाके में यूपी 100 पुलिस का मूवमेंट रहता है। रात को थाना पुलिस भी गश्त करती है। मगर शुक्रवार रात को वजीरगंज-आंवला रोड पर न तो थाना पुलिस गश्त पर थी और न ही यूपी 100 की गाड़ी। लोगों का कहना है कि देवी मंदिर के पास अक्सर पुलिस का मूवमेंट रहता है किंतु घटना की रात पुलिस के रोड पर न होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
निजी बस में हुई लूटपाट के शिकार यात्रियों की माने तो जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने ज्यादा बात नहीं की। पुलिस ने पीड़ित यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर चालक को भी जल्दी ले जाने को कह दिया। लोगों का कहना था उस दौरान पुलिस क्षेत्र में कांबिंग करती तो शायद बदमाशों के इलाके में होने की उसे भनक लग जाती पर ऐसा नहीं किया। जैसा कि पुलिस का किसी घटना को छिपाने के पीछे रवैय्या रहता है वैसा ही इस घटना में देखा गया। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि रोड होल्डअप की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई सो मीडिया वाले भी मौके पर पहुंच गए पुलिस अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाई। बाद में एसएसपी अशोक कुमार को घटना की जानकारी दी गई।
.............
खुर्शीद और दीपक के सपने रह गए अधूरे
विभाकर मिश्र
वजीरगंज। दिल्ली से घर लौट रहे खुर्शीद और दीपक के मन में शायद एक पल को यह नहीं आया होगा कि जो रकम वह कमाकर ले जा रहे हैं, वह घर तक नहीं पहुंच पाएगी और रास्ते में ही बदमाश उन्हें लूट लेंगे। खुर्शीद की बहन की कुछ दिनों बाद ही शादी होने वाली है, जबकि दीपक की शादी भी चंद दिनों बाद होनी है। दोनों मेहनत करके रुपये कमाकर घर ला रहे थे।
गांव लहरा निवासी खुर्शीद पुत्र सुबराती दिल्ली में काम करता है। बताया कि उसकी बहन की शादी कुछ दिनों बाद होनी है। सो उसी की शादी के लिए वह कई माह से रुपये जोड़ रहा था। 80 हजार रुपये घर लेकर आ रहा था। घर वालों से भी कह दिया था कि वह रुपयों की चिंता न करें। मगर बदमाशों ने उससे यह रुपये लूट लिए। जिस समय बदमाश उससे रुपये लूट रहे थे तब उसकी आंखें भर आईं थीं।
इसी तरह लहरा के ही दीपक पुत्र देवेंद्र की शादी भी कुछ दिनों बाद होनी है। दीपक ने बताया कि वह भी शादी के लिए 40 हजार रुपये लाया था। जिन्हें बदमाशों ने लूट लिया।
.....
तो क्या बदमाश कई दिनों से थे फिराक में
वजीरगंज। रोड होल्डअप की वारदात को जिस तरह बदमाशों ने अंजाम दिया, उसने पुलिस की लापरवाही को पूरी तरह से उजागर कर दिया है। रोड पर पुलिस के नहीं होने के बारे में बदमाशों को शायद भनक थी, इसीलिए वे घटना को अंजाम देने के बाद आराम से निकल गए। लोगों का कहना है कि बदमाश शायद सुबह निकलने वाली बसों के इंतजार में पहले से ही थे।
.........
डायल 100 से ज्यादा सक्रिय थे बदमाश
वजीरगंज। हर रोड पर डायल 100 पुलिस भी नहीं थी, जबकि जिन सड़कों पर बसों और अन्य वाहनों का आवागमन हर वक्त रहता है उन पर डायल 100 का मूवमेंट भी हर समय रहता है। लेकिन इस रोड पर डायल 100 से ज्यादा सक्रिय बदमाश रहे...और नतीजा रोड होल्डअप के रूप में सामने आया।
...........
...पहले भी हुईं थीं रोड होल्डअप की घटनाएं
वजीरगंज। वर्ष 2004 में सैदपुर-रेहडिया के बीच बदमाशों ने रोड होल्डअप की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने बस में सवार यात्रियों से लूटपाट की थी। हालांकि पुलिस ने इस घटना को रोडहोल्ड अप के बजाय लूट में दर्ज किया था। दो सितंबर 2015 को बदमाशों ने वजीरगंज-कुंरवगांव रोड पर बारातियों से भरी बस को लूटा था।
इसके अलावा 20 मई 2017 को बदमाशों ने हतरा रोड पर दो गाड़ियों में सवार बारातियों को लूटा था। अब बदमाशों ने वजीरगंज-आंवला रोड पर घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी है। पुलिस ने पूर्व में हुईं उन घटनाओं का खुलासा भी उसी तरह किया जैसे करती रहती है। खुलासे को लेकर भी पुलिस पर उंगलियां उठती रहीं हैं।
.......
बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
वजीरगंज। शुक्रवार को हुई घटना के खुलासे को थाना पुलिस ने क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दीं। पुलिस का मानना है कि आसपास के ही बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। हालांकि अभी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई है, लेकिन पुलिस यहीं दावा कर रही है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।