गोपी चौक स्थित शीतल केमिकल्स पर सोमवार शाम बरेली से आई एसआईबी टीम ने छापामारी की। इस दौरान मेंथा व्यापारी आक्रोश में आ गया और पिस्टल निकालकर खुद के ऊपर तान ली। व्यापारी की हरकत देख एसआईबी टीम वाले सन्न रह गए। मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस ने बमुश्किल पिस्टल छीनकर अपने कब्जे में ली। एसआईबी टीम व्यापारी के यहां पाए गए तेल के ड्रमों का पूरा लेखाजोखा बनाकर ले गए हैं।
मेंथा व्यापारी विष्णु प्रकाश गुप्ता की सदर कोतवाली क्षेत्र में गोपी चौक के पास शीतल केमिकल्स के नाम से फर्म है। विष्णु प्रकाश गुप्ता मेंथा तेल के थोक व्यापारी हैं। सोमवार को दिन में साढ़े तीन बजे मेंथा व्यापारी अपने ऑफिस में बैठे थे। उसी समय बरेली से आई एसआईबी टीम में शामिल कई वाणिज्यकर अधिकारी और अन्य अधिकारी पहुंचे। टीम ने बाहर से लेकर अंदर गोदाम तक चेक किया। गोदाम के अंदर रखे मेंथा तेल के वीडियो बनाए और लिखा पढ़त शुरू कर दी। टीम को देखकर मेंथा व्यापारी हड़बड़ा गए। उन्होंने ऑफिस में रखी अपनी पिस्टल निकाल ली और खुद की कनपटी पर रखकर जान देने की धमकी दी। इससे टीम में शामिल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उस समय मौके पर मौजूद सदर कोतवाल ओमकार सिंह ने बमुश्किल व्यापारी के हाथ से पिस्टल छीनी और उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान व्यापारी की टीम अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। इस दौरान टीम अधिकारी ने बताया कि मेंथा व्यापारी के यहां भारी मात्रा में तेल से भरे ड्रम मिले हैं। इसकी शासन को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। उसके बाद व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं: सर्वेश
बदायूं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सर्वेश गुप्ता ने बताया कि शीतल केमिकल्स में छापामारी की सूचना पर वह स्वयं पहुंचे थे। टीम में शामिल लोगों ने उन्हें अंदर तक नहीं घुसने दिया। बाद में उन्होंने बताया कि वह व्यापार मंडल से हैं, तो अंदर जाने दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर इस दौरान व्यापारी की जान चली जाती या वह डिप्रेशन में आकर कोई गलत कदम उठा लेते तो इसका जिम्मेदार टीम होती। जीएसटी की बात कर रहे हैं और कई अधिकारियों को इसकी परिभाषा तक नहीं मालूम है। ऐसे में व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। इसके लिए हम हर स्तर पर लड़ाई के लिए तैयार हैं।