कछला चौराहे पर महिला को लूटने का प्रयास
उझानी। कछला चौराहे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से 20 हजार रुपये लूटने का प्रयास किया। थैला सड़क पर गिर जाने से बदमाशों की कोशिश नाकाम हो गई। महिला के शोर मचाने पर वहां जुटे लोगों को देख बाइक से ही बदमाश भाग गए।
घटना मंगलवार दोपहर की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव खजुरारा पुख्ता निवासी ममता रानी पत्नी सुभाष पूर्वाह्न में कछला स्थित पंजाब नेेशनल बैंक पहुंचीं। खाते से 20 हजार रुपये निकाले। रुपये थैले में रखकर वह चौराहे की ओर बढ़ीं तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक आ गए। उन्होंने बाइक महिला के पास रोक ली। बाइक सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर ममता से थैला छीन लिया। थैला युवक के हाथ से छूट कर सड़क पर गिर पड़ा। यह देख महिला ने शोर मचा दिया। आसपास के लोग भी दौड़ पड़े। खुद को लोगों से घिरता देख बदमाशों ने बाइक दौड़ा दी। वे तिराहे की ओर भाग गए। भनक लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला से बदमाशों के हुलिया के बारे में जानकारी की। बता दें कि कछला चौराहे पर पहले भी दो महिलाओं से लूट का प्रयास किया जा चुका है। हुसैनपुर की महिला से तो 20 हजार रुपये लूट भी लिए गए थे।