फोटो- 12 बीडीएनयूजेएचपीएच-01
लिखा था डाक विभाग, अंदर
थीं शराब की 110 पेटियां
पुलिस की इंटेलीजेंस स्पेशल टीम ने की वाहन से बरामदगी, ड्राइवर और क्लीनर गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। भारत सरकार सेवार्थ डाक विभाग लिखे वाहन से इंटेलीजेंस स्पेशल टीम और पुलिस ने हरियाणा की शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। वाहन में शराब की पेटियों की गिनती हुई तो संख्या 110 निकली। ड्राइवर और क्लीनर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शराब का धंधेबाज कौन है। पुलिस ने अभिलेखीय औपचारिकता पूरी कर गिरफ्तार ड्राइवर और क्लीनर का चालान कर दिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक उसे और पुलिस की इंटेलीजेंस स्पेशल टीम ने मंगलवार रात में इलाके के ही गांव बरामयखेडा के पास भारत सरकार डाक विभाग लिखे वाहन को रोका। वाहन में तलाशी के दौरान शराब की पेटियां नजर आने पर उसे कब्जे में ले लिया गया। कोतवाली लाकर पेटियों को गिना गया तो संख्या 110 निकली। वाहन के ड्राइवर सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव नदायल निवासी राशिद पुत्र हनीफ और क्लीनर उसहैत निवासी आरिफ पुत्र छुट्टन को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि शराब को हरियाणा से बिहार पहुंचाने के लिए लोड किया गया था जो कि बिसौली, बिल्सी और उझानी के रास्ते फर्रुखाबाद होकर बिहार पहुंचनी थी। बरामदगी करने वाली टीम में कोतवाल के अलावा दरोगा शिवेंद्र सिंह, इंटेलीजेंस स्पेशल टीम के इंचार्ज नरेंद्र सिंह भी शामिल रहे। इसके विपरीत सूत्रों की मानें तो इंटेलीजेंस स्पेशल टीम ने वाहन को वजीरगंज इलाके में चार दिन पहले पकड़ा था लेकिन बरामदगी दिखाने में वक्त गुजरता गया। चर्चा तो यहां तक चली कि धंधेबाज भी इलाके का निवासी है। भारत सरकार डाक विभाग लिखा वाहन नोएडा का बताया गया है।
-----------