अलापुर (बदायूं)। गुरुवार को कस्बे में एक अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पिकअप कब्जे में लेकर छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर के वार्ड नंबर 10 निवासी फैजान (20) पुत्र इमरान गुरुवार को नेहरू आदर्श इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़ा था। उसके बराबर में वार्ड नंबर नौ निवासी सिकंदर पुत्र नूरुद्दीन ठेली लिए खड़ा था। तभी बदायूं की ओर से तेज रफ्तार में आई पिकअप ने दोनों लोगों को चपेट में ले लिया। इससे दोनों सड़क पर जा गिरे, जबकि कुछ दूरी पर खड़े अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे को देखकर दर्जनों लोग आ गए। उनकी सूचना पर घायलों के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। वह उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से फैजान को बरेली रेफर कर दिया गया। बताते हैं कि परिवार वाले रास्ते में ही पहुंचे थे कि फैजान ने दम तोड़ दिया। उसके बाद परिजन शव को वापस ले आए। तब तक पुलिस ने पिकअप कब्जे में ले ली। बाद में छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फैजान ने इसी साल 76 प्रतिशत अंकों के साथ इंटर की परीक्षा पास की थी तथा एक दिन पहले ही दिल्ली से डीफार्मा का एडमिशन कराकर लौटा था। वह दो भाइयों और एक बहन से बड़ा था।