फोटो: 42,43
फैजगंज बेहटा में पुलिस टीम पर हमला, पथराव में दरोगा और होमगार्ड घायल
मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, हमलावरों में महिलाएं भी शामिल
आवासीय प्लाट को लेकर एसडीएम कोर्ट में चला था मुकद्दमा चार महिलाओं समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली/ फैजगंज बेहटा (बदायूं)। मंगलवार दोपहर मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। दूसरे पक्ष के लोगों ने महिलाओं के साथ मिलकर पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें एक दरोगा और होमगार्ड समेत तीन लोग घायल हो गए। पथराव होने पर पुलिस को मौके से भागना पड़ा। बाद में दो थानों की पुलिस बुलाकर हमलावरों की घेराबंदी की गई, लेकिन तब हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस ने घायल ग्रामीण की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
यह मामला फैजगंज बेहटा कस्बे का है। वार्ड नंबर चार निवासी राजवीर ने एक आवासीय प्लाट को लेकर एसडीएम कोर्ट में मुकद्मा दायर किया था। इस प्लाट पर मोहल्ले के आशाराम का कब्जा था। दो दिन पहले कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में मुकदमा निरस्त कर दिया। आदेश दिए कि खेत में बना प्लाट आशाराम का रहेगा।
मंगलवार सुबह आशाराम ने निर्माण कराने के लिए ईंटें मंगवाकर प्लाट में डलवा दीं। अपराह्न करीब चार बजे दूसरे पक्ष को इसकी भनक लगी तो राजवीर परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडे और फावड़े लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्लाट में नींव खुदवा रहे आशाराम को पकड़ लिया और मारपीट कर दी। प्लाट में रखा सामान फेंक दिया। यह देखकर आशाराम के परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
इस पर एसआई नंदन सिंह विष्ट पुलिस टीम लेकर मौके पर गए। उन्होंने आशाराम को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने उल्टे पुलिस कर्मियों को ही पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। टीम पर पथराव कर दिया। इसमें एसआई नंदन सिंह बिष्ट और होमगार्ड दयाशंकर घायल हो गए। वहां से जान बचाकर भागे पुलिस कर्मियों ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस पर सीओ मुन्ना लाल बिसौली और बिल्सी थाने पुलिस के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस को बड़ी संख्या में आते देख आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने संतोष नाम की महिला को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में फैजगंज बेहटा पुलिस ने आशाराम की तहरीर पर राजवीर, धर्मवीर, किशनवीर, महावीर, गुड्डू, सावित्री, संतोष, लज्जावती और हरदेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल आशाराम को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। जबकि दरोगा और होमगार्ड का प्राथमिक उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है।