दातागंज। दिल्ली से रहस्यमय हालात में लापता हुई महिला मुंबई पहुंच गई है। वहां के एक संस्था के पास महिला है। संस्था ने एसएसपी बदायूं को इसकी जानकारी दी। आज महिला का पति दिल्ली से यहां पहुंचा। पुलिस ने पत्नी के मुंबई में होने की उसे जानकारी दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नेता झुकसा निवासी ऋषिपाल सिंह दिल्ली में मजदूरी करता है। उसका परिवार भी साथ रहता है। बताते हैं कि तीन साल पहले उसकी पत्नी रहस्यमय हालात में लापता हो गई। पति ने उसे हर संभावित स्थान पर तलाश किया मगर कहीं उसका पता नहीं चला। बताया जाता है कि दो दिन पहले मुंबई से पल्लवी ठाकरे ने एसएसपी बदायूं को फोन करके सूचना दी थी कि उक्त महिला उनके यहां पहुंच गई है। पल्लवी ने बताया कि उनका विक्षिप्तकारी गृह है। उसी में उक्त महिला है। उनकी इस सूचना पर एसएसपी ने इंसपेक्टर दातागंज को बताया। समरेर चौकी प्रभारी कामेश कुमार ने बताया कि इंसपेक्टर ने उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। तब वह गांव नेता झुकसा जांच को पहुंचे।
दरोगा कामेश ने बताया कि जानकारी होने पर मालूम हुआ कि उक्त महिला दिल्ली से ही गायब हो गई थी। मोबाइल से उन्होंने पति ऋषिपाल को बताया। आज सुबह ऋषिपाल उनसे मिला। ऋषिपाल अब मुंबई जा रहा है। दरोगा ने बताया कि पत्नी दिमाग से कुछ कमजोर है।