थाने के गेट पर ग्रामीणों ने किया हंगामा
आसफपुर। थाना फैजगंज बेहटा पुलिस के खिलाफ शनिवार को एक गांव के लोगों ने जमकर हंगामा किया और एक सिपाही पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए काफी देर तक नारेबाजी करते रहे।
गांव सुरैनी पापड़ी के लगभग 50 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर थाने आ गए और एक सिपाही पर पांच हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए थाना गेट पर हंगामा करने लगे। थाना दिवस में आये राजस्व विभाग कर्मी भी हंगामा होते देख हैरान रह गये। बताया जाता है कि सैकड़ों लोगों के सामने अपनी फजीहत होते देख थाने के कुछ पुलिस कर्मियों ने आरोपी सिपाही से रिश्वत की रकम वापस करा दी, तब कहीं जाकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक मकान को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसमे एक पक्ष से सिपाही ने रिश्वत के नाम पर पांच हजार रुपये ले लिए थे। एसओ इन्द्रेश कुमार से जब इस बारे में जानकारी ली गई तो उन्होंने थाने पर हंगामा होने की जानकारी होने से इंकार कर दिया। ब्यूरो