शटर काटकर मेडिकल स्टोर से चोरी
बदायूं। शहर में बेखौफ हो चुके चोरों ने आंबेडकर पार्क के सामने एक मेडिकल स्टोर को निशाना बना लिया और रॉड आदि से शटर को तोड़कर नकदी, दवाइयां और काफी सामान चोरी करके ले गए। सुबह दुकानदार को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा निवासी आसिम खां का जिला अस्पताल के नजदीक और आंबेडकर पार्क के सामने स्टार मेडिकल स्टोर है। गुरुवार सुबह आसिम खां अपने मेडिकल स्टोर पहुंचे तो टूटा शटर देखकर चौंक गए। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। आसिम खां ने बताया कि वे रात करीब साढ़े दस बजे मेडिकल स्टोर बंद करके गए थे। चोरों ने रात करीब दो-तीन बजे लोहे की रॉड से शटर को तोड़ लिया और अंदर घुस गए। उसके बाद दुकान में रखे 60 हजार रुपये, दवाइयां और कुछ सामान चोरी करके ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।