कोतवाली क्षेत्र के गांव फुलासी में विवाहिता शिखा शर्मा की हत्या में मृतका की मां ने पति समेत छह लोगों को नामजद कराया है। नामजदों में दो छात्राएं भी शामिल हैं। फुलासी निवासी शिखा शर्मा (22) का शव मंगलवार दोपहर में उसके घर में पड़ा मिला था। मृतका की मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव हथनीभूड़ निवासी नवला देवी पत्नी स्वर्गीय जुगेंद्रपाल शर्मा ने बेटी की लाश की हालत देख पति समेत परिवार के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने फिर गला दबाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया था। प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल ने बताया कि शिखा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पुलिस ने नवला देवी की तहरीर पर फुलासी निवासी पति उमेश, उसके पिता महीपाल, सास नाम अज्ञात समेत तीनों ननदों को नामजद कर लिया है। नामजदों में मृतका की दो ननद 10-12 साल की बताई गई हैं। दोनों गांव के ही स्कूल में पढ़ती हैं। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शिखा का शव उसकी मां समेत घरवालों के हवाले कर दिया गया।