बदायूं। मूसाझाग पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो ऑटोलिफ्टर दबोच लिए, जबकि एक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने दोनों से एक स्कूटी और चार बाइक बरामद की हैं। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार देर रात मूसाझाग एसओ ललित भाटी क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी पुलिस दौरान दो लोग बाइक से आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा, लेकिन उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया। उनकी बाइक के कागज चेक किए गए, जो चोरी की निकली। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम जाकिर निवासी ग्राम उघैनी थाना अलापुर और आरिफ निवासी ग्राम तालगांव थाना मूसाझाग बताए। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की एक स्कूटी और तीन बाइक और बरामद कीं। दोनों ने बताया कि वे बाइक चोरी करके बेच देते हैं। इसमें हंसराज निवासी ग्राम रूपापुर थाना सिविल लाइन उनकी मदद करता है, जो कि दोनों के पकड़े जाने के बाद फरार हो गया।