अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली। नगर में हाईवे पर राजकीय महाविद्यालय के पास सोमवार दोपहर तालाब किनारे अधेड़ का शव पड़ा मिला। शव दो से तीन दिन पुराना था। शरीर के कई हिस्से सड़ चुके थे। सूचना पर सीओ बिसौली निर्मल कुमार बिष्ट और प्रभारी कोतवाल राजेश कश्यप मौके पर पहुंचे। यहां काफी भीड़ भी जमा हो गई। काफी कोशिश के बाद भी पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर सकी।
लोगों ने नगर में राजकीय महाविद्यालय के पास तालाब किनारे शव पड़ा देखा। मृतक की उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है। वह चेक की शर्ट और काले रंग की पेंट में था। चेहरे पर चोटों के निशान भी थे। आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद शव यहां फेंका गया होगा। सीओ निर्मल कुमार बिष्ट ने बताया शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत ही सही वजह साफ हो सकेगी। शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। मामले में पड़ताल की जा रही है।