बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमी नगला में शुक्रवार रात एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने धावा बोलकर तीन घरों से नकदी समेत करीब 12 लाख रुपये का सामान लूट लिया और जाग होने पर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान एक बदमाश भी पकड़ा गया। ग्रामीणों ने लाठियां बरसाकर उसे अधमरा कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना को अंजाम देने से पहले बदमाश बालजीत शाक्य और नेत्रपाल के घर से भी लाखों का सामान समेट चुके थे। तीनों घरों से लगभग 12 लाख का सामान ले जाने का अनुमान है।
वारदात शुक्रवार रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। उस समय हरीश बाबू शाक्य (45) पुत्र रामबाबू शाक्य अपने घर के बाहर ट्रैक्टर के पास सो रहे थे। उसी वक्त करीब पांच-छह बदमाश पोल के सहारे उनके घर में घुस गए। बाकी बदमाश छत और इधर-उधर लग गए। घर में हरीश बाबू की पत्नी वीरवती, बेटा मधुकर और रजनेश, छोटा भाई प्रेम नारायन और माता-पिता सो रहे थे। बदमाशों ने हरीश के घर से सोने-चांदी के आभूषण और 1.25 लाख की नकदी समेत लाखों का सामान समेट लिया। बदमाश मेन गेट का दरवाजा खोलकर और उनके घर से बक्सा लेकर बाहर की ओर भागे थे कि तभी हरीश की आंख खुल गई। उन्होंने शोर मचाने के साथ बदमाशों का पीछा किया। गांव से करीब दो सौ मीटर दूर उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से एक बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश ने खुद को छुड़ाने का काफी प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने उसे नहीं छोड़ा। तभी बदमाश ने अंटी से तमंचा निकालकर हरीश के पेट में गोली मार दी। बाकी बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को रस्सी से बांधकर जमकर पीटा और लहूलुहान कर दिया। इधर, ग्रामीण हरीश को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ उझानी विनय कुमार द्विवेदी और एसओ हरिभान सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ पहुुंच गए। पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम जतिन पुत्र लक्ष्मण ग्राम भौरिया थाना अनूपशहर, जनपद बुलंदशहर बताया है। उसे जेल भेज दिया गया है। उसने अपने एक साथी का नाम कल्लू कश्यप निवासी कलान (शाहजहांपुर) बताया लेकिन अन्य साथियों के नाम नहीं बता सका।
पुलिस ने लूटपाट, हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर हरीश के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
गांव प्रेमी नगला में हुई वारदात के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पकड़े गए बदमाश को जेल भेज दिया गया है। उसने एक साथी बदमाश का नाम बताया है जो उसका साला कल्लू कश्यप निवासी कलान, शाहजहांपुर है। उस समेत अन्य बदमाशों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
-जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी
रेकी करके बदमाशों ने पहले से चुन लिए थे घर
कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमी नगला में बदमाशों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया, उससे माना जा रहा है कि उन्होंने पहले गांव में रेकी की। कौन से घर में चोरी या लूटपाट की जाए, इसके लिए तीन घरों को चुन लिया गया था। पहले किस घर में और बाद में कहां वारदात की जाए, यह भी उनके प्लान का हिस्सा रहा। जिससे वे आसानी से भाग सकें। यह और बात है कि हरीश बाबू शाक्य के जाग जाने के कारण पूरी स्थिति ही बदल गई।
ग्राम प्रेमी नगला निवासी नेत्रपाल के दो बेटे राजकीय सेवा में हैं। बालजीत खेतीबाड़ी के साथ-साथ टेंट और लाइट की दुकान चलाते हैं, जबकि हरीश बाबू शाक्य तीन भाइयों में बड़े हैं और खेतीबाड़ी करते हैं। मझले भाई प्रेमपाल सेना में हैं। उनकी पोस्टिंग हिमाचल में है। हरीश अपने छोटे भाई प्रेमनारायण के साथ गांव में रहते हैं। बदमाशों ने सबसे पहले किस घर में घटना को अंजाम दिया, इसकी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन माना जा रहा है कि सबसे पहले नेत्रपाल के घर में घुसे थे। उनके घर से एक लाख की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कपड़ों से भरा बक्सा उठा ले गए। उसके बाद बालजीत के घर में चोरी की। उनके घर से बदमाश सोलह हजार रुपये और डेढ़ लाख के जेवरात समेत लाखों का सामान ले गए। सबसे बाद में हरीश बाबू के घर में घुसे। उस वक्त रात के दो बज रहे थे। बदमाश ने पकड़े जाने पर हरीश की गोली मारकर हत्या कर दी। कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। इधर, पकड़े गए बदमाश के साथी भाग गए। सुबह पुलिस ने गांव के बाहर से सात खोखे बरामद किए। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाश नकीद समेत करीब 12 लाख का सामान लेजाने में सफल रहे।
बदमाश ने एक युवक की उंगली चबाई
जिस वक्त बदमाश हरीश बाबू के घर में लूटपाट करके भाग रहे थे, तभी हरीश और मोहल्ले का घनेंद्र समेत अन्य लोग उनके पीछे भागे। किसी तरह उनके हत्थे एक बदमाश आ गया। उस बदमाश ने खुद को छुड़ाने के लिए घनेंद्र की उंगली चबा ली। इससे उसकी चीख निकल गई। उसके बाद गांव वालों ने बदमाश की पिटाई शुरू कर दी।
दो घंटे देरी से पहुंची पुलिस
प्रेमी नगला के ग्रामीणों ने पुलिस को रात दो बजे ही सूचना दे दी थी। ग्रामीणों के मुताबिक यूपी-100 का तो नंबर ही नहीं लगा। फोन करते-करते परेशान हो गए। थाना पुलिस सूचना मिलने के बावजूद समय पर नहीं पहुंची। तब तक गांव वाले हरीश को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले इस मामले की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की, बाद में उसे लूट और हत्या में तरमीम किया गया। तहरीर हरीश के छोटे भाई प्रेमनारायण ने दी।
ग्रामीण बोले, असलहे होते तो मारे जाते बदमाश
थाना क्षेत्र के 22 गांवों में अफीम की खेती हो रही है। इस समय लोकसभा चुनाव के चलते अधिकतर किसानों के असलहे थाने में जमा हो चुके हैं। शुक्रवार रात हुई वारदात के बाद प्रेमी नगला के ग्रामीणों का कहना था कि अगर उनके पास असलहे होते तो शायद एक दो बदमाश भी मारे जाते। ग्रामीणों ने एसपी सिटी से असलहे वापस दिलाने की मांग भी की।
किसान ने धोखे में बचा दी एक बदमाश की जान
बदमाश ग्रामीणों पर फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भाग रहे थे। उस समय गांव के सोनपाल अपने खेत पर अफीम की रखवाली कर रहे थे। वे समझ नहीं पाए कि यह बदमाश हैं या ग्रामीण। उन्होंने धोखे में कह दिया कि पीछे मत हटना कुआं है। अगर वे यह नहीं कहते तो बदमाश कुएं में गिर जाता।