फरार अतीक पर इनाम घोषित करने की तैयारी
आजमगढ़ से भागा तौकीर पहुंचा मुंबई, अतीक के भी मुंबई में होने की आशंका
पुलिस टीम के पीछा करने का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। मार्बल व्यापारी व बैंक लूट में फरार अतीक के ऊपर पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी में है। पचास हजार का इनामी बदमाश तौकीर आजमगढ़ से भागकर मुंबई पहुंच गया है। उसके पीछे पुलिस टीम भी लगी हुई है।
नगर कोतवाली के भुलियापुर आजाद नगर निवासी मोहम्मद तौकीर पुत्र हाफिज के ऊपर जेल के प्रधान बंदीरक्षक समेत कई सनसनीखेज घटनाओं का आरोप है। वह लगातार पुलिस को चकमा देकर भाग रहा है। अभी तक उसकी लोकेशन आजमगढ़ में मिल रही थी। पुलिस सूत्रों की मानें तो तौकीर पुलिस व एसटीएफ का शिकंजा कसता देख वहां से भाग निकला। शुक्रवार की रात वह मुंबई पहुंच गया। बंधन बैंक लूट और मार्बल व्यापारी की हत्या समेत कई घटनाओं में फरार अतीक पुत्र रऊफ निवासी छत्ता का पुरवा के ऊपर पुलिस अफसर इनाम घोषित करने की तैयारी में है। ताकि उस पर शिकंजा कसा जा सके। अतीक भी कहीं सिर छिपाने की जगह न मिलती देख मुंबई भागकर पहुंच गया है। उसके पीछे जिले की पुलिस के अलावा एसटीएफ भी लगी है।
इनसेट------
परिजन भी दोनों की तलाश में भटक रहे
पुलिस के लगातार कस रहे शिकंजे से बचने के लिए अतीक व तौकीर के परिजन भागे-भागे फिर रहे हैं। कई दिनों तक तौकीर के पिता व बहनोई को पुलिस ने हिरासत में ले रखा था। दोनों के साथियों पर भी पुलिस लगातार नजर रखे हुए है। दोनों की तलाश में परिजन रिश्तेदारी के साथ ही मुंबई में दूसरों की मदद से खाक छान रहे हैं।
फोटो
बिजली के पोल से टकराई बाइक, युवक की मौत
बाइक पर बैठी बालिका घायल, घर में मचा कोहराम
पड़ोस की बालिका को दवा दिलाने जा रहा दुर्गागंज
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। अनियंत्रित होकर बाइक बिजली के पोल से जा टकराई। जिससे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर बैठी बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद घर में कोहराम मचा रहा।
रानीगंज थाना क्षेत्र के हुसैनपुर निवासी गोविंद कुमार (18) पुत्र रमेश गौतम शनिवार की सुबह बगल के लाल बहादुर की बेटी जान्हवी (5) को दवा दिलाने के लिए बाइक से लेकर दुर्गागंज के लिए निकला। रानीगंज-दुर्गागंज मार्ग पर जब वह राजापुर देवापट्टी इलाके के पास पहुंचा था। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल से टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बिजली के पोल में भी दरार आ गया। घटनास्थल पर ही गोविंद की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठी जान्हवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बाद घायल बालिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां से उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बकरी को लेकर दो पक्षों में मारपीट, फूंका छप्पर
किशुनगंज। खेत में बकरी चले जाने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि एक पक्ष ने छप्पर में आग लगा दिया। कंधई थाना क्षेत्र के भदौना निवासी अवधेश की पत्नी शिवकली शनिवार को बकरी चरा रही थी। तभी मंगरौरा के रहने वाले रामलाल आए और खेत में बकरी चराने का आरोप लगाते हुए उसे मारने पीटने लगे। शोर सुनकर लोग दौड़े तो हमलावर उसके घर पर धावा बोलकर छप्पर में आग लगा दिया। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। शिकायत पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। अवधेश ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।