इस्लामनगर (बदायूं)। सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद पुलिस विभाग से भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो रहा है। आए दिन रिश्वतखोरी और हफ्ता वसूली के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में नूरपुर पिनौनी के चौकी इंचार्ज रहे एसआई यशपाल सिंह यादव को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह मामला थाना क्षेत्र के ग्राम दजरामपुर का है। कुछ समय पूर्व गांव के ऋषिपाल सिंह और नत्थू के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया था। दोनों लोग जमीन पर अपना-अपना हक जता रहे थे, जबकि उस जगह पर ऋषिपाल सिंह का कब्जा था। आरोप है कि यह मामला पुलिस तक पहुंचा तो नूरपुर पिनौनी चौकी इंचार्ज एसआई यशपाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले दूसरे पक्ष से रुपये ले लिए और उसे जमीन पर कब्जा दिलाने का आश्वासन दिया। उसके बाद ऋषिपाल के पास पहुंचे और उससे भी डरा धमका कर दो हजार रुपये ले लिए। इसकी ऋषिपाल ने वीडियो बना ली थी, जिसको बाद में वायरल कर दिया गया। इस मामले की शिकायत और वीडियो एसएसपी अशोक कुमार के पास पहुंची तो उन्होंने तुरंत इसकी जांच शुरू करा दी।
इधर, शुक्रवार देर शाम जांच रिपोर्ट आने के बाद इस्लामनगर पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर ऋषिपाल सिंह की तहरीर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एसआई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली, साथ ही एसएसपी ने दरोगा को निलंबित भी कर दिया।
-------------------------
सीओ बिल्सी करेंगे मामले की जांच
दरोगा के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट की जांच सीओ बिल्सी इरफान नासिर खान को सौंपी गई है। सीओ ही जमीन पर कब्जा कराने से लेकर रिश्वतखोरी और वीडियो वायरल होने के मामले की जांच करेंगे।
------------------
उच्चाधिकारियों के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसकी जांच सीओ बिल्सी करेंगे। आगे की कार्रवाई भी उनके दिशा निर्देशों पर होगी।
-सुधाकर सिंह, एसओ इस्लामनगर