हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध हालात में मौत
शराबी प्रवृत्ति का था धर्मवीर, मौके पर पहुंचे सीओ सिटी, भाई का कार्रवाई से इंकार
अमर उजाला ब्यूरो
कुंवरगांव (बदायूं)।
कस्बे के वार्ड संख्या नौ में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर धर्मवीर उर्फ मंगली की संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही घर में लगी आग में जलकर मौत हो गई। इसकी भनक लगते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के घरवालों से जानकारी की। मृतक के भाई ने घटना को इत्तफाकिया बताते हुए कार्रवाई से इंकार कर दिया।
धर्मवीर उर्फ मंगली (55) घर में अकेला ही रहता था। कई साल पहले उसकी पत्नी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। दो बेटेे हैं जो काफी समय से मुरादाबाद में काम करते हैं, अब वहीं रहते हैं। मंगली शराबी प्रवृत्ति का था। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे मंगली के घर से धुआं निकल रहा था। तब पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। मंगली आग से बुरी तरह झुलसा हुआ था और चीख रहा था। आग कैसे लगी यह पता नहीं चल पाया। मोहल्ले के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मंगली बुरी तरह से झुलस चुका था। कुछ ही देर में उसने दम भी तोड़ दिया। मंगली का छोटा भाई राजू दूसरे मोहल्ले में रहता है। खबर पर वह भी मौके पर पहुंच गया। थाना पुलिस के साथ ही सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसी तरह लाश को कमरे से बाहर निकलवाया। सीओ ने घटना के बारे में आसपास के लोगों से जानकारी ली। लोगों ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि किस तरह आग लगी। धुआं निकलने पर उन्हें आग लगने की जानकारी हुई। मृतक के भाई राजू ने पुलिस को यह लिखकर दे दिया कि वह किसी तरह की पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते हैं। तब पुलिस लौट आई।
---
अब कस्बे में नहीं रहा कोई हिस्ट्रीशीटर
थाना पुलिस ने बताया कि आग लगने से संदिग्ध हालात में जलकर मरा धर्मवीर उर्फ मंगली हिस्ट्रीशीटर था। उसके अलावा कस्बा निवासी अजयवीर सिंह भी हिस्ट्रीशीटर था। उसकी भी कुछ समय पहले बीमारी के चलते मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अब कस्बे में कोई हिस्ट्रीशीटर नहीं है। हालांकि थाना क्षेत्र में 50 हिस्ट्रीशीटर अब भी हैं।