वजीरगंज में फसलों के बीच खाली खेतों में चलता गंगा एक्सप्रेस-वे का काम। संवाद
- फोटो : BADAUN
दातागंज/वजीरगंज। गंगा एक्सप्रेस-वे का काम जैसे ही रफ्तार पकड़ता है कहीं न कहीं पर किसान विरोध में उतर आते हैं। हालांकि, बृहस्पतिवार को कहीं से विरोध की कोई खबर नहीं रही, लेकिन दातागंज के गांव धमी पट्टी नगरिया खनू के किसानों ने एसडीएम राम शिरोमणि से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। एसडीएम को बताया कि उनकी जमीन का अभी बैनामा नहीं कराया गया है।
इधर, वजीरगंज में बृहस्पतिवार को काम चलता रहा। यहां खेतों में फसलें होने की वजह से काम रफ्तार नहीं पकड़ रहा है। बुधवार को यहां गांव निनमा में किसानों ने काम रुकवा दिया था। बृहस्पतिवार को धमी पट्टी नगरिया खनू के रामेश्वर सिंह समेत कई किसान एसडीएम दातागंज से मिले। किसानों ने बताया कि गांव में काफी लोगों की जमीन का अब तक अधिग्रहण के लिए बैनामा नहीं कराया गया है, लेकिन यहां निशान लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। किसानों ने एसडीएम से जल्द बैनामा कराने की मांग की।
एसडीएम राम शिरोमणि ने बताया कि तहसील स्तर पर राजस्व टीम का गठन कर दिया गया है। राजस्व टीम कार्यदायी संस्था के साथ मिल कर काम करेगी। अगर किसी स्थान पर किसान विरोध करते हैं तो उसका नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। जिन किसानों के बैनामा अभी नहीं हुए हैं उनके बैनामा कराने की प्रक्रिया को जल्द पूरा कर लिया जाएगा।