उझानी में टकराने के बाद खोखे में घुसी क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। प्राइवेट बस स्टैंड के पास लिंक रोड मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराकर पास में रखे खोखे से भिड़ गई। चपेट में आकर अहीरटोला मोहल्ले के भारत सिंह समेत पांच राहगीर घायल हो गए। राहगीरों ने चालक को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
बदायूं में लालपुल इलाके के एक व्यक्ति का पारिवारिक कार्यक्रम जजपुरा के पास एक होटल में था। कार्यक्रम के दौरान उसी परिवार का एक युवक कार लेकर यहां मार्केट आया। उसे केक खरीदना था। केक लेने से पहले ही लिंक रोड मोड़ पर वह कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले बिजली के पोल से टकराई फिर पास में ही खोखे से घिसटते हुए दीवार से भिड़ गई।
खोखे के पास बैठे पठानटोला मोहल्ला निवासी मोहम्मद अख्तर (38), अहीरटोला मोहल्ला के भारत सिंह (40), राहगीरों में कोतवाली क्षेत्र के गांव अहीरवारा निवासी भूरे (60), उघैती थाना क्षेत्र के गांव चाचीपुर निवासी नारायण हरि (45) और एक किशोर घायल हो गए।
यह देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने कार घेर ली। चालक को मौके पर ही दबोच लिया गया। चालक ने खुद को लालपुल इलाके का कौशल बताया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार की रफ्तार ज्यादा थी। घायलों को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अख्तर, भूरे, भारत और नारायण की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।