बदायूं। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से रुपये लेकर भागे दोनों उचक्कों का अब तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। फुटेज के अनुसार उचक्के गोपी चौक की ओर भागे थे। उसके बाद कहां चले गए, पुलिस इसका पता कर रही है।
सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से दो उचक्के एक युवक के आठ लाख 77 हजार रुपये लेकर भाग गए थे जबकि उस वक्त बैंक में दो महिला पुलिस कर्मी और बैंक के दो गार्ड मौजूद थे। वे बैंक के गेट के नजदीक ही बैठे थे। इसके बावजूद उचक्के रुपये लेकर भागने में सफल रहे। तब से कोतवाली पुलिस उचक्कों को तलाश कर रही है। सोमवार से लेकर अब तक तमाम स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा चुके हैं। बैंक के फुटेज से पुलिस को उनका हुलिया आदि पता चल गया। यह भी पता चला है कि दोनों उचक्के बैंक से निकलकर गोपी चौक की ओर भागे थे। पुलिस उन्हें तलाश करने का दावा कर रही है लेकिन अब तक दोनों का सुराग नहीं लगा है।