रिंकू पाठक का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव रायपुर बुजुर्ग में बुधवार रात करंट लगने से 27 वर्षीय रिंकू पाठक की मौत हो गई। वह रात अपनी मां की चारपाई पर पंखा लगाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पंखे में करंट आ गया। उसकी करंट लगने से मौत हो गई। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
ग्राम रायपुर बुजुर्ग निवासी रिंकू पाठक पुत्र रामगुन पाठक बुधवार रात अपने कमरे में सो रहा था। परिवार वालों के मुताबिक रात करीब 11 बजे बिजली आई। उस वक्त परिवार वालों को गर्मी ज्यादा लग रही थी। बिजली आने के बाद रिंकू चारपाई से उठकर आया। उसने घर के आंगन में चारपाई पर सो रही बीमार मां ओमवती के पंखा लगाने की कोशिश की। बताते हैं कि वह जैसे ही पंखा उठाकर लाया कि उसे करंट लग गया। समझा जा रहा है कि पंखे का तार कहीं से कटा हुआ था जो रात के अंधेरे में नहीं दिखा। घटना के समय रिंकू चप्पल भी नहीं पहने था, जिससे वह जमीन पर गिर गया। परिवार वाले उसे देखकर भागे, उन्होंने जैसे-तैसे तार अलग किया। वह युवक को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई।
बताते हैं कि रिंकू की 12 दिन पहले शादी हुई थी। हादसे के दौरान उसकी पत्नी घर पर मौजूद थी। रिंकू की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।