हाईवे पर इसी कार की टक्कर से हुई बालिका की मौत। संवाद
- फोटो : BADAUN
सिलहरी (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बृहस्पतिवार को एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से छह वर्षीय बालिका शिवांगी की मौत हो गई। बाद में कार पेड़ और बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे पोल भी टूट गया। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा ककराला निवासी संजय कश्यप बुधवार शाम दहेमी गांव में शादी में आए थे। बताते हैं कि वह बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटी शिवांगी के साथ घर लौट रहे थे। दहेमी गांव से निकलकर वह सामने यात्रीशेड पर पहुंचे थे। इसी दौरान बदायूं की ओर से तेज रफ्तार आई कार ने बालिका को टक्कर मार दी, जिससे उछलकर वह काफी दूर जा गिरी। कार जाकर एक पेड़ और बिजली के पोल से टकरा गई। कार इतनी तेज थी कि बिजली का पोल भी टूट गया। कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। तेज धमाके जैसी आवास सुनकर तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार चालक को वहीं पकड़ लिया। उसकी पिटाई लगा दी। सूचना पर खेड़ा नवादा चौकी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। बालिका को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार एक मेंथा व्यापारी की बताई जा रही है। उसका चालक कार से 28 हजार चोरी करने का आरोप लगा रहा है जबकि पुलिस इसे फर्जी आरोप मान रही है।