बदायूं। सपा नेता की कब्जाई जमीन पर बनी पनीर फैक्टरी ढहाने के मामले में जिस जोरशोर पुलिस प्रशासन दिखाया, अंजाम उतना ही सुस्त निकलता नजर आ रहा है। मौके पर बुलडोजर लेकर गए अफसरों ने मीडिया को बताया था कि सपा नेता ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था, इसमें बड़ी कार्रवाई होगी। वहीं दूसरे दिन तक कोई कानूनी कार्रवाई न होने से तरह तरह की चर्चा रहीं। कार्रवाई के नाम पर अधिकारियों ने अपने हाथ खींच लिए। तहसील प्रशासन जुर्माना लगाकर आरसी वसूलने की बात जरूर कर रहा है।
शनिवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने खाद्य विभाग की टीम के साथ सपा के जिला उपाध्यक्ष मोतशाम सिद्दीकी द्वारा कब्जाई जगह पर बुलडोजर चलवाया था। अफसरों का कहना है कि वह पुलिस के साथ कब्जा हटवाने ही गए थे लेकिन वहां पता चला कि उस जगह अवैध पनीर फैक्टरी भी चल रही थी। हालांकि इस दौरान पनीर बनाने वाला भाग गया पर एक चौकीदार जरूर मिला। अधिकारियों ने अवैध पनीर फैक्टरी का सामान जब्त कर उस पर बुलडोजर चलवा दिया। जगह में बनाई गई भट्ठी ढहा दी गई। इसके अलावा अधिकारियों ने दो और जगह से पनीर बरामद किया। बावजूद इसके खाद्य विभाग ने सड़ा गला पनीर बरामद दिखाने के बावजूद किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कराया। नियम बता दिया गया कि सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई कराई जाती है। इस तरह खाद्य विभाग ने मामले से पल्ला झाड़ लिया तो वहीं प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक तहरीर देने का दावा करते रह गए। रविवार को भी बताया गया कि मामले में तहरीर दी जाएगी लेकिन शाम तक अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं कराई गई। इसमें तमाम तरह की चर्चा शुरू हो गईं। सत्ता दल के एक नेता के हस्तक्षेप की बात भी चर्चा में हैं।
-
केवल सागर ताल नहीं, चंदोखर तालाब भी पाट चुके माफिया
चुनावों के बाद शासन प्रशासन तालाबों के कब्जे हटवाने की मात्र औपचारिकता निभा रहा है। सागर ताल की जगह पर हुए कब्जे वाला निर्माण शनिवार को गिराया गया था लेकिन यहां कई बीघा में फैले चंदोखर तालाब से कब्जा आज तक अफसर नहीं हटवा सके। इस तालाब पर कब्जा करने की शुरुआत पांच साल पहले हुई थी। उस दौरान एक कथित नेता खुद को सपा से जुड़ा बताता था। चुनाव के दौरान वह भाजपा में शामिल हो गया। इस आड़ में उसने कई बीघा तालाब पर कब्जा कर लिया। तालाब कब्जाने के लिए दिन में ट्रैक्टर ट्राॅिलयों से मिट्टी ढोई गई। लोची नगला और कल्याण नगर की सड़क तक खराब कर दी गई। इन मोहल्लों के हालात ये हो गए कि तालाब पटने से यहां जलभराव की समस्या रहती है। इस संबंध में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से तमाम शिकायतें की गईं लेकिन अधिकारी टस से मस नहीं हुए। अब यहां प्लॉटिंग की तैयारी चल रही है।
-
लेखपाल ने सरकारी जगह कब्जाने के संबंध में एक रिपोर्ट दी थी। इस पर धारा 67 के तहत तहसीलदार कोर्ट में मुकदमा चला। इसका शनिवार को निस्तारण कर दिया गया। जगह कब्जाने वाले मोतशाम सिद्दीकी पर एक लाख 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। ये रकम वसूलने के लिए आरसी जारी की गई है। जगह कब्जाने के मामले में कार्रवाई की जा रही है ।
- करनवीर सिंह, तहसीलदार सदर
-
शनिवार को जहां-जहां से पनीर बरामद हुआ है। उन सबका सैंपल ले लिया गया है। उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। इसमें रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
-चंद्रशेखर मिश्रा, सहायत आयुक्त खाद्य