बिनावर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव रफियाबाद में रविवार रात 25 वर्षीय विवाहिता शमली की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसके पिता ने शमली के पति, ससुर, ननद और सास के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव महताबपुर निवासी सालिक ने करीब पांच साल पहले अपनी बेटी शमली की शादी रफियाबाद के हेमेंद्र के साथ की थी। सालिक का आरोप है कि हेमेंद्र शादी के बाद से दहेज को लेकर शमली को परेशान कर रहा था। रविवार रात करीब 12 बजे उन्हें शमली की मौत की सूचना मिली। इससे सालिक अपने परिवार के साथ रात में ही रफियाबाद पहुंच गए। तब तक हेमेंद्र और उसके घर वाले मौके से भाग चुके थे। शमली के तीन बच्चे शव के पास रो रहे थे। सोमवार सुबह मायके वालों ने थाना पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोपहर के समय उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शमली के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। सालिक ने पति हेमेंद्र, ससुर वीरपाल सिंह, ननंद और सास के खिलाफ शमली की पीट-पीटकर हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है।
-
बिनावर के रफियाबाद में एक विवाहिता की मौत हुई है। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। इस संबंध में तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी