फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जरीफनगर में बुजुर्ग की हत्या, ई-रिक्शा लूट ले गए बदमाश

विज्ञापन
जागन फाइल फोटो - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं / नूरपुर पिनौनी। जरीफनगर थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग जागन की ई-रिक्शा लूटने के बाद जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी गई। रविवार शाम दो लोग उनका ई-रिक्शा बुक करके संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र में ले गए थे। सुबह जागन जरीफनगर इलाके में अचेत पड़े मिले। इस पर उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में इस्लामनगर पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन

इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी की मढ़ैया निवासी 60 वर्षीय जागन ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। परिवार वालों के मुताबिक जागन रविवार सुबह घर से ई-रिक्शा लेकर निकले थे। जब देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिवार वाले उन्हें तलाश करने के लिए निकल पड़े। नूरपुर पिनौनी चौराहे पर कुछ लोगों ने बताया कि शाम के वक्त जागन को चौराहे पर देखा गया था। दो लोग उनका ई-रिक्शा बुक करके संभल जिले में धनारी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी बिचौला जाने की बात कहकर ले गए थे। परिवार वाले उनके घर लौटने का इंतजार करते रहे। सोमवार सुबह जरीफनगर थाना क्षेत्र की दानपुर चौकी पुलिस ने परिवार वालों से संपर्क किया। उन्हें बताया कि सुबह सिपाही गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जागन सूरजपुर गांव के नजदीक सड़क किनारे बेहोश पड़े मिले। उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पर परिवार वाले रोते बिलखते स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। परिवार वालों ने तहरीर दी लेकिन पुलिस ने लेने से इनकार कर दिया। उन्हें इस्लामनगर थाना घटनास्थल बताते हुए टहला दिया गया। परिवार वाले उनका शव अपने घर ले गए हैं। परिवार वालों के मुताबिक जागन को ज्यादा नशा या जहरीला पदार्थ दिया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई। उनका इकलौता बेटा गुड्डू दूसरे प्रांत में काम करता है। परिवार वाले उसके आने का इंतजार कर रहे हैं। इस मामले में इस्लामनगर थाना पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-
ये मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र का है। वहीं से जागन का ई-रिक्शा लूटा गया और उनकी हत्या की गई। हमारे पास इसकी सूचना आई थी। हमने कार्रवाई को कह दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन

- बलदेव सिंह खनेड़ा, सीओ बिल्सी
इस्लामनगर-जरीफनगर इलाके में लुटेरे सक्रिय, लूटते हैं नशा देकर
बदायूं। संभल जिले से सटे इस्लामनगर और जरीफनगर इलाके में लुटेरे सक्रिय हो गए हैं। ये गैंग लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्हें नशा देकर लूटते हैं और इधर-उधर डालकर उनके वाहन लेकर फरार हो जाते हैं लेकिन कार्रवाई के नाम पर पुलिस जांच करना तक जरूरी नहीं समझती।
रविवार शाम इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी से बुक करके ई-रिक्शा लूटने वाले इसी गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। अब तक इस्लामनगर इलाके में दो और जरीफनगर इलाके में एक ऐसा मामला सामने आ चुका है। हालांकि कार्रवाई किसी मामले में नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों थाना क्षेत्र संभल जिले से सटे हैं। इससे लुटेरे एक थाना क्षेत्र से ई-रिक्शा ले जाते हैं और दूसरे थाना क्षेत्र में उनके मालिकों को फेंक देते हैं। बाद में संभल जिले की ओर निकल जाते हैं या फिर संभल जिले में ले जाकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। इससे पुलिस दूसरे थाना क्षेत्र या जिला होने की बात कहकर उन्हें टहला देती है। रविवार रात ई-रिक्शा लूटने और हत्या का मामला भी दो थानों से जुड़ा है। इससे दोनों थानों की पुलिस-एक दूसरे की ओर टहलाती रही। बाद में शाम के समय इस्लामनगर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा मालिक बुजुर्ग का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
---------------
बेहद गरीब है जागन का परिवार
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी के मझरा मढ़ैया निवासी जागन का परिवार बेहद गरीब है। उनके नाम जमीन नहीं है। उनका इकलौता बेटा गुड्डू है वह दूसरे प्रांत में रहकर मजदूरी करता है। पांच बेटियां हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है। जबकि चार वर्षीय बेटी मंजू और 10 वर्षीय बेटी नीतू सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें