दातागंज (बदायूं)। पेड़ से बांधकर पीटे जाने से आहत एक पीड़ित ने रविवार को फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। समय रहते परिवार और पड़ोसियों ने उसे बचा लिया। शनिवार को बकरियों के चारे के लिए गूलर के पत्ते तोड़ने पहुंचे तीन लोगों को पेड़ से बांधकर पीटा गया था। रविवार को इस मामले में चार लोगों के खिलाफ दातागंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। इनमें से तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
दातागंज के गांव बेलाडांडी निवासी रवेंद्र, ऋषिपाल और अनूप बकरियों का चारा बेचकर परिवार का गुजारा करते हैं। शुक्रवार को तीनों सलेमपुर गांव में बकरियों के चारे के लिए गूलर के पत्ते तोड़ने गए थे। पत्तों के लिए उन्होंने गांव के रितिक पंडित नाम के व्यक्ति को रुपये भी दिए थे। इसके बाद तीनों गूलर के पत्ते तोड़ने लगे। इसी दौरान गांव के भगवान स्वरूप उर्फ खिलाड़ी यादव, धर्मवीर, बालकराम और रूपेंद्र वहां पहुंचे। पत्ते तोड़ने वाले तीनों लोगों को पेड़ से बांधकर पीटा। इस दौरान गांव के लोग तमाशबीन बने देखते रहे। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर लिया। अमानवीय हरकत को वीडियो के जरिये जिसने देखा, उसने निंदा की। पिटाई के बाद तीनों युवक इतने डर गए कि उन्होंने शिकायत भी दर्ज नहीं कराई।
पिटाई और उसका वीडियो वायरल होने से क्षुब्ध रवेंद्र ने रविवार को अपने घर में ही फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। उसे ऐसा करते घर की महिलाओं ने देखा तो शोर मचा दिया। आसपास के लोगों ने परिवार वालों की मदद से रवेंद्र को बचा लिया। रवेंद्र का कहना है कि वह डरा हुआ है। वीडियो वायरल होने के कारण वह आहत है।
इसी क्रम में वीडियो सामने आने के बाद सीओ प्रेम कुमार थापा ने जांच कराई तो पता लगा कि पीड़ित बेलाडांडी गांव के हैं। इसके बाद अनूप की ओर से तहरीर लेकर भगवान स्वरूप उर्फ खिलाड़ी यादव, धर्मवीर, बालकराम और रूपेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। भगवान स्वरूप उर्फ खिलाड़ी यादव, धर्मवीर, बालकराम को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया। रूपेंद्र की गिरफ्तारी नही हो सकी।
-
इंस्पेक्टर ने तैनात किए दो सिपाही
बदायूं। बेलाडांडी गांव में पिटाई से आहत युवक के फंदा लगाने की कोशिश के बाद थाना पुलिस सजग हो गई है। रविवार को मामले को हल्के में लेने वाली थाना पुलिस ने युवक के घर के बाहर दो सिपाही तैनात कर दिए हैं। इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि युवक के ऐसा करने के बारे में सूचना मिली थी। इसलिए सिपाही तैनात किए हैं ताकि पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित न समझे। संवाद
-
दातागंज के मारपीट वाले वीडियो के आधार पर पुलिस ने जानकारी जुटाई। पीड़ितों में से एक की ओर से तहरीर लेकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चार में से तीन आरोपी जेल भी भेज दिए हैं। खुदकुशी की कोशिश जैसा कोई मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं है। पीड़ितों को डरने की कोई जरूरत नहीं है।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी