उझानी। कृषि उत्पादन मंडी समिति में बुधवार पूर्वाह्न फड़ पर गल्ला खरीदारों के बीच कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। एक दुकानदार ने दूसरे पर सरिया से प्रहार कर सिर फोड़ दिया।
बहादुरगंज मोहल्ला निवासी रामसिंह (45) पुत्र सुखराम मंडी परिसर में पड़ डालकर किसानों से गल्ला खरीद करता है। पड़ोस में ही गंजशहीदा मोहल्ले के दिलशाद का भी फड़ है। पूर्वाह्न एक किसान अनाज लेकर रामसिंह के फड़ पर पहुंचा तो दिलशाद ने उसे अपने पास बुलाने को आवाज लगा दी। रामसिंह ने इसका विरोध किया तो वह भिड़ गया। आरोप है कि विरोध से गुस्साए दिलशाद ने रामसिंह के सिर पर सरिया मार दी। इससे रामसिंह लहूलुहान हो गया। उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने दिलशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल रामसिंह का प्राथमिक उपचार कराया है। संवाद