दातागंज (बदायूं)। पिछले तीन माह से फरार लुटेरी दुल्हन आखिरकार शनिवार को दातागंज पुलिस के हत्थे चढ़ गई। उसके साथ एक व्यक्ति भी पकड़ा गया है। ये लोग शादी का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे तो दुल्हन घर से सामान लूटकर भाग जाती थी। पुलिस ने इनके पास से 53 सौ रुपये और एक जोड़ी कुंडल बरामद किए हैं।
चार अक्तूबर 2021 को इन्होंने एक घटना को अंजाम दिया था। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कुनिया रायपुर निवासी पप्पू की शादी नहीं हुई थी। इस पर कुनिया रायपुर निवासी ओमपाल और हाकिम नाम के व्यक्तियों ने 60 हजार रुपये लेकर शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के गांव रुकनापुर निवासी गीता उर्फ काजल उर्फ प्रीति से शादी कराई थी। आरोपियों ने गीता और पप्पू के एक मंदिर में फेरे डलवाए। शादी की खुशी में पप्पू की बहन और बहनोई भी आए थे। शाम को खाना खाया। रात को गीता ने परिवारवालों को नशीली चाय बनाकर दी। इससे परिवार के सभी लोग बेहोश हो गए। इसके बाद गीता उनके घर से बीस हजार रुपये, एक जोड़ी कुंडल और दो मोबाइल लेकर फरार हो गई। सुबह परिवार के लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
शनिवार को पुलिस ने समरेर ब्लॉक के नजदीक से गीता और उसके साथी हाकिम को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 53 सौ रुपये और एक जोड़ी कुंडल बरामद हुए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गीता इससे पहले चार लोगों से शादी कर चुकी है। उसके असली पति की मौत हो चुकी है। उसके चार बच्चे भी हैं जो कहीं उत्तराखंड में रह रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। संवाद