उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक किशोरी को पड़ोसी के खाली पड़े घर में बुलाकर ले गया। विरोध करने पर उसने धमकाया और दुष्कर्म किया। किशोरी ने अगले दिन घरवालों को पूरी घटना से अवगत कराया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक किशोरी के पिता ने घटना सोमवार देर रात की बताई है। उस वक्त किशोरी की मां और भाभी पड़ोस में स्थित पशुशाला में किसी काम से गईं थीं। यह देख बाबूराम वहां पहुंचा और किशोरी को बहला फुसलाकर ले गया। खाली पड़े मकान में उससेे दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह उसको गुमसुम देखकर मां और भाभी ने वजह पूछी तो किशोरी ने हकीकत बयां की।
सूचना के बाद मंगलवार देर शाम पुलिस भी पहुंच गई। दरोगा नरेंद्र सिंह ने उसके परिजन से जानकारी की। देर रात ही पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर बाबूराम के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और पाक्सो के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। बुधवार सुबह बयान दर्ज करने के बाद किशोरी का मेडिकल कराया गया। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बाबूराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। संवाद