उझानी (बदायूं)। कछला के वृद्धाश्रम में करीब छह महीने से रह रहे नेपाल निवासी किशन बहादुर की सोमवार सुबह मौत हो गई। वह इससे पहले बरेली के मानसिक अस्पताल में भर्ती था लेकिन सेहत में सुधार होने के बाद उसे वापस वृद्धाश्रम में पहुंचा दिया गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत की वजह बीमारी बताई गई है।
वृद्धाश्रम के प्रबंधक जगदीश माथुर के मुताबिक नेपाल देश के बजाड़ जिले में मंगोह इलाके के गांव चनैहपु निवासी किशन बहादुर (55) की दिमागी हालत खास अच्छी नहीं थी। तड़के छह बजे हालत बिगड़ने लगी। एंबुलेंस के जरिए केयर टेकर संजीव कुमार और लव कुमार बीमार किशन को लेकर सीएचसी पहुंचे। चिकित्साधिकारी राजकुमार गंगवार इलाज शुरू कर पाते, उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने दोनों केयर टेकर से जानकारी करने के बाद शव कब्जे में ले लिया।
किशन की ठंड से मौत होने की भी अफवाह फैली लेकिन प्रबंधक से इससे इंकार किया है। मौत की वजह को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर, प्रबंधक ने बताया कि आश्रम में 53 वृद्ध हैं। इनमें एक की मौत के बाद संख्या 52 रह गई है। किशन को 18 लोगों के साथ 18 जुलाई को वृद्धाश्रम पहुंचाया गया था। इससे पहले इन सभी का बरेली के मानसिक अस्पताल में इलाज चल रहा था। संवाद