बदायूं। गुप्ता दंपती हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने उदय के तीसरे भाई मुकेश को भी लखनऊ बुला लिया है। उससे पूछताछ शुरू कर दी गई है लेकिन अभी उसके खिलाफ कोई सबूत सामने नहीं आए हैं। सीबीआई ने उदय के मंझले भाई योगेश को आरोपी मान लिया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। संभवता उसे सोमवार को जेल भेज दिया जाएगा।
साल 2015 में शहर के कटरा ब्राहमपुर मोहल्ले में रिटायर्ड इंजीनियर ब्रजेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी शन्नो गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। शुरुआती दौर में कोतवाली पुलिस ने इसकी जांच की थी लेकिन उस दौरान लूट करने जैसी बात सामने नहीं आई थी। कुछ समय बाद सीबीआई ने ये केस अपने हाथ में ले लिया था। तब से सीबीआई इसकी जांच कर रही है। करीब तीन माह पहले सीबीआई ने दंपती हत्याकांड का मुख्य आरोपी उदय प्रकाश वर्मा को माना था जो कि साल 2018 में आत्महत्या कर चुका है। सीबीआई उससे जुड़ी सभी बातों की जांच कर रही है। तीन दिन पहले सीबीआई ने उदय के मंझले भाई योगेश वर्मा को लखनऊ बुला लिया था। उसे गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया। अब उससे रिमांड पर लेकर पूछताछ चल रही है। शुक्रवार को सीबीआई ने योगेश के छोटे भाई मुकेश वर्मा को भी लखनऊ बुला लिया। उससे भी पूछताछ शुरू कर दी गई है लेकिन अभी उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि इस मामले में सीबीआई योगेश को सोमवार को जेल भेज सकती है। सबूत नहीं मिले तो मुकेश को छोड़ा जा सकता है।
पत्नी ने कबूला-उदय ने दिया घटना को अंजाम
आत्महत्या कर चुके उदय की पत्नी इस मामले में अपने बयान दे चुकी है। उसने साफ कहा है कि दंपती की हत्या उदय ने की थी। वह खून से सने कपड़े पहनकर घर आया था। वह काफी सोना और रुपया भी लाया था। उदय की मौत के बाद उसकी पत्नी दूसरे व्यक्ति से शादी कर चुकी है। पत्नी से भी सीबीआई पूछताछ कर रही है।