बदायूं। रोडवेज बस स्टैंड पर चेन खींचे जाने की घटनाएं रुक नहीं रहीं हैं। रविवार को एक और महिला की चेन खींचने की कोशिश की गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों ने चेन खींचने वाली महिला को देख लिया और उसे पकड़ लिया। इस दौरान चेन खींचने वाली महिला लड़ने को तैयार हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को गिरफ्तार करके थाने ले गई। उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कासगंज जिले में अमापुर थाना क्षेत्र के गांव सिद्धपुर निवासी प्रियंका पत्नी संजीव मिश्रा शनिवार को भैया दूज करने बदायूं के कस्बा अलापुर अपने मायके आईं थीं। बताते हैं कि प्रियंका रविवार दोपहर करीब 12 बजे ससुराल लौट रहीं थीं। इसके लिए वह रोडवेज बस स्टैंड पर रोडवेज बस में सवार हुईं। उनकी सीट के पीछे बरेली के रेलवे स्टेशन निवासी एक महिला बैठी थी। रोडवेज बस रवाना होती उससे पहले बरेली की महिला ने प्रियंका की चेन खींच ली। इससे प्रियंका की चेन में पड़ा पेंडिल उसके पैरों के पास आ गिरा। यह देखकर प्रियंका चौंकी और उन्होंने पीछे बैठी महिला को पकड़ लिया। बराबर में बैठे यात्रियों ने भी बताया कि बरेली की महिला उसकी चेन खींचने की कोशिश कर रही थी। इधर खुद को फंसता देखकर बरेली की महिला प्रियंका से लड़ने लगी। प्रियंका ने पुलिस बुलाने को कहा तो उसने बस से कूदकर भागने की कोशिश की लेकिन तब तक लोगों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया। सूचना पर रोडवेज चौकी पुलिस पहुंच गई। थाने से महिला दरोगा और कांस्टेबल बुलाई गईं। तब कहीं महिला को पकड़कर पहले पुलिस चौकी ले जाया गया। वहां पूछताछ में उसने बताया कि वह कासगंज अपनी बहन के घर जा रही थी। पुलिस ने उस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रियंका ने आरोपी महिला के खिलाफ तहरीर दे दी है।
-
एक दिन पहले खींची गई थी अलीगढ़ की महिला की चेन
एक दिन पहले शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड पर अलीगढ़ की महिला की चेन खींची गई थी। अलीगढ़ निवासी गायत्री, बदायूं में भैया दूज करने आई थी। इसी दौरान बस स्टैंड पर उसकी चेन खींच ली गई। इस मामले में अभी तक ये पता नहीं चला है कि आखिर किसने उसकी चेन खींची। पुलिस ने जांचकर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए महिला को अलीगढ़ रवाना कर दिया है। गायत्री ने भी पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस गायत्री की घटना को भी इसी शृंखला की कड़ी के रूप में देख रही है। संवाद