दबतोरी (बदायूं)। रविवार दिन में पुरवा खेड़ा हाल्ट के नजदीक एक युवक की मालगाड़ी से टकराकर मौत हो गई। स्टेशन मास्टर वीरेंद्र कुमार मीना के मुताबिक एक मालगाड़ी चंदौसी की ओर से जा रही थी।
पुरवा खेड़ा के नजदीक एक युवक पटरी पर आकर खड़ा हो गया। इससे वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया और पटरियों के बीच में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस और जीआरपी पहुंच गई। युवक की शिनाख्त बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसावा निवासी सूरजपाल (40) के रूप में हुई है। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भिजवा दिया गया है। इस दौरान तीन ट्रेनें प्रभावित हुईं। युवक का शव करीब आधा घंटे में हटाया जा सका। तब तक दबतोरी रेलवे स्टेशन पर दो और आसफपुर रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन खड़ी रही। 37 मिनट बाद ट्रैक साफ किया गया। तब कहीं ट्रेनों का संचालन हो सका। संवाद