सिलहरी (बदायूं)। हाईटेंशन लाइन टूटने से फिर एक बड़ा हादसा होने से बच गया। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव बाबट में रविवार दोपहर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बैलगाड़ी पर जा गिरा। टूटे तार से करंट लगने से एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल झुलस गया। तार की चपेट में आने से किसान बाल-बाल बच गया। इस संबंध में किसान की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव हरिनगला निवासी रामदास रविवार दोपहर बैलगाड़ी लेकर बाबट गांव के खेतिहर इलाके में चारा काटने जा रहे थे। वह गांव से निकलकर कुछ दूरी पर बने एक निजी ट्यूबवैल के नजदीक पहुंचे होंगे। तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बैलगाड़ी पर गिर गया। टूटे तार से करंट लगने से बैलगाड़ी में जुड़े एक बैल की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल गंभीर रूप से झुलस गया। रामदास ने बैलगाड़ी से कूदकर खुद को बचाया। हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद बिजली सप्लाई काट दी गई। हालांकि शाम तक टूटे तार जोड़े नहीं जा सके। हादसे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने पोस्टमार्टम के बाद बैल को दफन करा दिया।
मौके पर पहुंचे एसआई रविशंकर, सिपाही सतेंद्र ने उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। हल्का लेखपाल आकाश सक्सेना ने मुआयना कर आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही है। रामदास ने बिजली विभाग के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।