बदायूं। जरीफनगर इलाके में किशोरी की मौत के बाद वायरल हुए आपत्तिजनक वीडियो के मामले में पुलिस ने आरोपी चचेरे भाई को जेल भेज दिया। किशोरी का प्रेमी फरार है, जिसे पुलिस तलाश रही है।
थाना क्षेत्र के गांव की किशोरी का दो दिन पहले एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ था। जब ये वीडियो उसके परिवारवालों के पास पहुंचा तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। उन्होंने पहले वीडियो के आधार पर किशोरी के प्रेमी के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन जब थाना पुलिस ने इसकी प्राथमिक जांच की तो मुख्य आरोपी उसका सगा चचेरा भाई निकला। पुलिस के मुताबिक करीब एक माह पहले चचेरे भाई ने किशोरी को अपना मोबाइल दिया था। उससे किशोरी ने अपने प्रेमी से वीडियो कॉलिंग की थी। इस दौरान किशोरी और प्रेमी की आपत्तिजनक बातें व दृश्य रिकॉर्ड हो गए। बात कराने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल वापस ले लिया। उसमें दोनों की आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड हो गई थी। इसके आधार पर आरोपी चचेरा भाई किशोरी को ब्लैकमेल कर रहा था। वह संबंध बनाने को लगातार दबाव डाल रहा था। इससे किशोरी परेशान हो गई और उसने जहर खाकर जान दे दी।
सोमवार शाम जब इसका खुलासा हुआ तो पुलिस ने भाई की तहरीर पर आरोपी चचेरे भाई और प्रेमी सोनू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी चचेरे भाई महीपाल को जेल भेज दिया। जबकि सोनू का कुछ पता नहीं चला है। उसके दिल्ली भागने की चर्चा है। पुलिस उसे तलाश कर रही है।
किशोरी की मौत के बाद वायरल हुए वीडियो के मामले में एक आरोपी जेल भेज दिया गया है। अभी दूसरा आरोपी नहीं पकड़ा गया है। थाना पुलिस उसे तलाश कर रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। - सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात